Friday, Sep 29, 2023
-->
attempted-murder-of-a-married-woman-by-attacking-her-in-laws-house

ससुराल में बलकटी से हमला कर विवाहिता की हत्या का प्रयास, ससुर सहित 5 आरोपी गिरफ्तार

  • Updated on 6/2/2023

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। गाजियाबाद के भोजपुर थानाक्षेत्र में शुक्रवार को ससुराल पक्ष ने विवाहिता से गाली-गलौच एवं मारपीट कर हत्या का प्रयास किया। धारदार वस्तु से प्रहार किए जाने से पीड़िता गंभीर रूप से घायल हो गई। बीच-बचाव करने पर पीड़िता के पिता व भाई के साथ भी मारपीट कर दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। महिला को गंभीरावस्था में नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बाद में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मोदीनगर के सीकरी खुर्द निवासी गीतिका पुत्री पदम सिंह की शादी अश्वनी निवासी गांव युसूफपुर नंगलाबैर थाना भोजपुर के साथ कराई गई थी। पुलिस ने बताया कि शादी के बाद से ससुराल में गीतिका को दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा। गैर महिला से पति की नजदीकी बढ़ने से भी वह तनाव में चल रही है। आपसी विवाद के कारण वह कुछ दिनों से मायके में आकर रहने लगी थी।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को गीतिका अपने पिता और भाई के साथ ससुराल पहुंची। ऐसे में दोनों पक्ष में पुन: विवाद हो गया। आरोप है कि ससुरालियों ने गाली-गलौच एवं मारपीट कर विवाहिता पर बलकटी से हमला कर दिया। पीड़िता को बचाने पर पिता व भाई के साथ भी मारपीट की गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गीतिका को लहूलुहान हालत में पास के अस्पताल में भर्ती कराया।

जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में शिकायत मिलने पर विवाहिता के ससुर जयबीर सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक किशोर और 3 महिलाएं भी हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने मारपीट, दहेज उत्पीड़न व हत्या का प्रयास आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।  
 

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
comments

.
.
.
.
.