Sunday, Oct 01, 2023
-->
deadly-attack-on-the-head-gardener-of-municipal-corporation

नगर निगम के हेड माली पर जानलेवा हमला, ईको पार्क में 2 कर्मचारियों से भी मारपीट

  • Updated on 6/10/2023

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। हिंडन नदी के पास ईको पार्क में शनिवार को कुछ व्यक्तियों ने नगर निगम के हेड माली से गाली-गलौच कर सिर में पेचकस घोंप दिया। हेड माली को बचाने आए 2 कर्मचारियों से भी मारपीट की गई। बाद में पुलिस को घटना की बावत सूचना दी गई। उद्यान विभाग ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने विवेचना आरंभ कर दी है। घंटाघर कोतवाली अंतर्गत हिंडन ईको पार्क है। पार्क को विकसित करने का काम चल रहा है।

इसके लिए उद्यान विभाग की तरफ से हेड माली रघुवीर पुत्र घूंडे सिंह की डयूटी लगाई गई है। हेड माली के अधीन कुछ संविदा कर्मचारी कार्यरत हैं। शनिवार की सुबह लगभग 8 बजे ईको पार्क के प्रवेश द्वार पर कुछ व्यक्ति आ पहुंचे। पूछताछ किए जाने पर वह सुरक्षा गार्ड से उलझ गए। यह देखकर हेड माली और कुछ माली आ पहुंचे। ऐसे में विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि बाहरी व्यक्तियों ने हेड माली रघुवर के सिर में पेचकस से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पर 2 कर्मचारियों से गाली-गलौच कर मारपीट की गई। आरोपियों के पास पेचकस के अलावा चाकू भी थे। घटना के पश्चात कर्मचारियों ने नगर निगम मुख्यालय आकर विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया। तदुपरांत उद्यान निरीक्षक अजय कुमार ने पुलिस से लिखित शिकायत की है।

बताया गया है कि ईको पार्क में पेड़ की लकड़ियां काटे जाने का विरोध करने पर कर्मचारियों से मारपीट की गई है। फरार हमलावर नजदीक के कैला भट्टा और इस्लाम नगर के रहने वाले बताए जाते हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों के विषय में जानकारी जुटाई जा रही है। जांचोपरांत उचित कार्रवाई की जाएगी। 
 

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
comments

.
.
.
.
.