Saturday, Jun 03, 2023
-->
fire-broke-out-in-the-tent-godown-many-gas-cylinders-exploded-with-a-loud-explosion

टेंट गोदाम में लगी आग, कई गैस सिलेंडर फटे

  • Updated on 3/4/2023

नई दिल्ली,(जुनेद अख्तर):दिल्ली से सटे नोएडा में थाना सेक्टर 49 क्षेत्र के सेक्टर 51 स्थित होशियारपुर गांव में बने टेंट गोदाम में शुक्रवार रात आग लग गई। आग लगने के बाद गोदाम में रखे कई गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गए। सूचना पर पहुंची दमकल की चार गाडिय़ों ने 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि शार्ट सर्किट होने से आग लगी थी। आग से लाखों रुपए का टेंट का सामान जलकर राख हो गया। 

होशियारपुर गांव में अरुण शर्मा का हरि टेंट हाउस के नाम से गोदाम है। शुक्रवार रात वह अपने गोदाम को बंद कर घर चले गए थे। रात करीब 1:30 बजे गोदाम में रखे शामियाने ने आग पकड़ ली। थोड़ी ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम से आग की तेज लपटें उठने लगी। इस दौरान गोदाम में रखे दो एलपीजी गैस के सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गए। धमाकों से होशियारपुर गांव और सेक्टर 51 के लोगों में दहशत व्याप्त हो गई। लोगों ने फायर ब्रिगेड कर्मियों को फोन किया मौके पर पहुंची दमकल की चार गाडिय़ों ने करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे ने बताया कि गोदाम में शामियानाए प्लास्टिक की कुर्सियां व अन्य सामान रखा हुआ था। इस कारण यहां तेजी से आग फैल गई थी। उन्होंने आशंका जताई कि संभवत शार्ट सर्किट की वजह से गोदाम में आग लगी है।
 

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
comments

.
.
.
.
.