Tuesday, May 30, 2023
-->
five-nigerians-and-one-bhutanese-woman-arrested-for-cheating-women-with-online-chatting-app

ऑनलाइन चैटिंग ऐप से महिलाओं से करते थे ठगी, पांच नाइजीरियन और एक भूटानी महिला गिरफ्तार 

  • Updated on 3/5/2023

नई दिल्ली, (जुनेद अख्तर):दिल्ली से सटे नोएडा में थाना सेक्टर 20 पुलिस और साइबर सेल ने ऑनलाइन चैटिंग ऐप के माध्यम से महिलाओं से दोस्ती कर कस्टम के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पांच नाइजीरियन और भूटान देश की रहने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में पता चला है कि पकड़े गए आरोपी पिछले करीब आठ साल से इस तरह ठगी कर रहे थे। आरोपी अब तक सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी कर चुके हैं। 
डीसीपी हरीश चन्दर ने बताया कि थाना सेक्टर 20 पुलिस और साइबर सेल ने ऑनलाइन चैटिंग ऐप के माध्यम से महिलाओं से दोस्ती कर कस्टम के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के पांच नाइजीरियन और एक भूटानी महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मूल रूप से नाइजीरिया के रहने वाले ओकोली स्टीफन, ओकोसिन्धी माईकल, उमादी रोलेण्ड, ओकोली डेनियल, ओकोली प्रोसपर और भूटान की रहने वाली कुन्जंगमो के रूप में हुई है। पकड़े गए सभी आरोपी थाना दनकौर  क्षेत्र के सुपरटेक इकोविलेज गोल्फ कंट्री में रह रहे थे। आरोपियों को कब्जे से 3 लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन ,40 हजार की नकदी और तीन पासपोर्ट बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खातों से मिली करीब 1 लाख 25 रुपये की धनराशी को फ्रीज किया है।


इलाज और पढ़ाई के वीजा पर आए थे आरोपी,अवधि समाप्त होने पर करने लगे ठगी 
एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि पकड़े गए आरोपी भारत में वर्ष 2021 में पढ़ाई एवं इलाज के वीजा पर आए थे, इनके वीजा की समय 2021 के जून में समाप्त हो गया था। समयावधि समाप्त होने के बाद भी यह आरोपी अपने देश वापस नहीं गए और संगठित अपराध करने लगे। आरोपियों ने विभिन्न डेटिंग एप का इस्तेमाल कर अपनी फेक प्रोफाइल तैयार की। अपने आप को प्लास्टिक सर्जन एवं स्वयं को भारत का मूल निवासी बताकर महिलाओं से मित्रता करना शुरू कर दी। योजना के अनुसार इन लोगों ने खुद को भारत आने पर एयरपोर्ट पर स्वयं को कस्टम चेंकिग के दौरान विदेशी मुद्रा लाने के नाम पर पकड़े जाने की फर्जी कहानी तैयार कर लेते। इसके बाद इन्हीं के गिरोह की महिला अपराधी द्वारा कस्टम ऑफिसर बनकर अपने जाल में फंसाई गई महिला को कस्टम द्वारा पकड़े गए व्यक्ति को छुड़ाने के नाम पर कस्टम डयूटी के रूप में रुपए लेकर ठगी की वारदात को अंजाम देती थी।

भारतीयों के अलावा पुर्तगाल, स्वीडन, नीदरलैंड देश की महिलाओं से भी की ठगी 
आरोपी पिछले करीब सात-आठ साल से ठगी कर रहे थे। आरोपियों ने भारतीय महिलाओं के के अलावा पुर्तगाल, स्वीडन, नीदरलैंड आदि देशों की महिलाओं के साथ मित्रता कर उनके साथ इसी प्रकार की ठगी की। आरोपी ठगी से प्राप्त पैसे विभिन्न फर्जी खातों में ट्रान्सफर कर अपने देश नाईजीरिया की करेन्सी नायरा में बदलकर कर अपने शौक पूरे करते थे। कई आरोपियों ने ठगी की रकम से नाइजीरिया में सम्पत्ति भी खरीद रखी है। पुलिस अब इस गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। 

मोबाइल के कैमरे पर चिपकाए रहते थे स्टीकर, नहीं करते थे वीडियो कॉल 
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिलाओं को सोशल साइट या गूगल से फोटो डाउनलोड कर फोटो भेजते थे। साथ ही वह कभी भी वीडियो कॉल नहीं करते थे, मोबाइल के कैमरे पर स्टीकर लगाकर रखते थे और महिलाओं को बताते थे कि उनके फोन का कैमरा खराब है। पुलिस ने इनके पास से जितने भी फोन बरामद किए हैं, सभी के कैमरों पर स्टीकर चिपका हुआ था। वह सिर्फ महिलाओं से व्हाट्सएप मैसेज या फिर वाइस कॉल में ही बात करते थे।

महिलाओं से बात करने के लिए लेते थे गूगल ट्रांसलेटर का सहारा
आरोपियों ने भारत के अलावा जालसाजों ने पुर्तगाल, स्वीडन और नीदरलैंड सहित अन्य देशों की महिलाओं के साथ भी ठगी की है। आरोपी इन महिलाओं से बात करने के लिए गूगल ट्रांसलेटर का सहारा लेते थे। इसके सहारे आरोपी महिलाओं से बात कर रहे उन्हें अपने झांसा में लेते थे। ठगी से मिले पैसे को आरोपी विभिन्न फर्जी खातों में ट्रांसफर कराने के बाद नाइजीरिया की करेंसी नायरा में परिवर्तित करवाने के बाद उक्त पैसों से मोज मस्ती करते थे। 


एलआईयू की बड़ी लापरवाही, दो आरोपी बिना पासपोर्ट रह रहे थे जनपद में 
पुलिस जांच में पता चला है कि दो आरोपियों के पास पासपोर्ट ही नहीं है। मामले में एलआईयू की भी बड़ी लापरवाही सामने आई है। पुलिस जांच में पता चला है कि पकड़े गए पांचों नाइजीरियन युवकों में से दो के पास पासपोर्ट ही नहीं है। बिना पासपोर्ट के यह आरोपी देश में कैसे आकर रहने लगे, इस मामले की जांच शुरू हो गई है। आरोपी कब से और कहा-कहा रहे हैं, सबके बारे में जानकारी की जा रही है। 
 

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
comments

.
.
.
.
.