Tuesday, Oct 03, 2023
-->
fraud-in-employment-scheme

रोजगार योजना में घपलेबाजी, 81 स्वयं सहायता समूह की 8.10 लाख की अंशदान राशि हड़पी

  • Updated on 4/28/2023

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। एनजीओ संचालक ने स्वयं सहायता समूह की आड़ में 8 लाख रुपए से ज्यादा डकार लिए। 81 स्वयं सहायता समूह को अंशदान की एवज में 10-10 हजार रुपए मिले थे। सभी समूह के खाते से यह रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर करा ली गई। ऐसे में कुल 810 महिलाओं को आर्थिक चपत लग गई है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने एनजीओ संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में ख्यानत की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रत्येक स्वयं सहायता समूह में 10 महिला सदस्य हैं। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की देख-रेख में स्वयं सहायता समूह का संचालन होता है। इन समूह के जरिए महिलाओं को रोजगार मिलता है। उप्र सरकार की तरफ से प्रत्येक समूह को 10 हजार रुपए का अंशदान मिलता है। नीरज शर्मा निवासी ई ब्लॉक सेक्टर-11 प्रताप विहार जय मां दुर्गा महिला उपभोक्ता समिति का कर्ताधर्ता है।

पिछले 10 साल से सरस्वती मंदिर परिसर प्रताप विहार में यह संस्था चल रही है। बीना गुप्ता ने बताया कि एनजीओ संचालक नीरज शर्मा ने कुल 81 स्वयं सहायता समूह गठित कर रखे हैं। प्रत्येक समूह में 10 महिला सदस्य हैं। सभी स्वयं सहायता समूह को सरकार ने 10-10 हजार रुपए बतौर अंशदान दिए थे। 2021 में बैंक ने नगर निगम मुख्यालय में शिविर लगाकर सभी स्वयं सहायता समूह के खाते खोले थे।

आरोप है कि नीरज शर्मा ने अंशदान की राशि गलत तरीके से निजी खाते में ट्रांसफर करा ली। नियमानुसार समूह अध्यक्ष और सचिव के हस्ताक्षर के बगैर खाते से राशि नहीं निकल सकती है। बीना गुप्ता के अलावा कुसुम, सरिता, संता, बबली व रानी इत्यादि ने धोखाधड़ी के संबंध में थाना विजय नगर में शिकायत की थी। पुलिस ने इस पर संज्ञान नहीं लिया।

बाद में पुलिस आयुक्त को अवगत कराया गया। तब जाकर पुलिस हरकत में आई। उधर, एसीपी कोतवाली सुजीत राय ने बताया कि एनजीओ संचालक नीरज शर्मा के विरूद्ध धोखाधड़ी तथा अमानत में ख्यानत की रिपोर्ट दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। 
 

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
comments

.
.
.
.
.