Tuesday, Jun 06, 2023
-->
hookah-bars-were-running-in-rdc-indirapuram-and-kaushambi-raided-and-caught-22-people

आरडीसी, इंदिरापुरम और कौशांबी में चल रहे थे हुक्का बार, छापेमारी कर 22 लोग पकड़े 

  • Updated on 8/22/2022

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। जिला पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर रविवार रात को नशाखोरी के खिलाफ अभियान चलाया। जिसमें पुलिस ने छापेमारी कर कविनगर थानाक्षेत्र के आरडीसी और इंदिरापुरम व कौशांबी क्षेत्र में चल रहे हुक्का बारों का भंडाफोड़ किया है। तीनों जगह से पुलिस ने तीन महिलाओं समेत 22 लोग गिरफ्तार किए हैं। साथ ही भारी मात्रा में हुक्के और नशे का सामान बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि सभी जगह रेस्टोरेंट और कैफे की आड़ में नशा परोसा जा रहा था। हालांकि पुलिस हुक्का बार के संचालकों को नहीं पकड़ सकी। लेकिन पुलिस का दावा है कि संचालकों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। खास बात यह है कि आरडीसी में चलने वाला हुक्का बार भाजपा नेता का बताया जा रहा है।  


एसएचओ कविनगर अमित कुमार का कहना है कि रविवार देर रात पुलिस को जानकारी मिली कि आरडीसी राजनगर में रेस्टोरेंट की आड़ में हार्टबीट कैफे के नाम से हुक्का बार चलाया जा रहा है। जहां नाबालिग और नौजवानों के साथ लड़कियों और महिलाओं को नशा परोसा जा रहा है। एसएचओ ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखकर हुक्का बार में अफ रा. तफ री मच गई और लोग भागने लगे। जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों में राहुल निवासी विजयनगर, सुनील निवासी गोविंदपुरम, गोल्डी राघव व निशांत निवासी लक्ष्मी पार्क, अनिल कुमार निवासी शाहदरा दिल्ली, राजा अग्रवाल निवासी मालीवाडा सिहानी गेट, दीप निवासी राजनगर एक्सटेंशन, शबनम निवासी जलालपुर मुरादनगर, रिंकी शर्मा और इरम निवासी कैला भट्टा शामिल हैं। इनमें इरम महिला है, जबकि शबनम और रिंकी शर्मा युवती हैं। उन्होंने बताया कि पकड़े गए लोगों से पूछताछ में पता चला है कि हुक्का बार को फ रार संचालक मोहित जायसवाल निवासी मालीवाड़ा सिहानी गेट चला रहा था। मौके से सात हुक्के समेत भारी मात्रा में नशे का सामान बरामद हुआ है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि हुक्का बार का फरार संचालक मोहित भाजपा नेता है, जो रेस्टोरेंट की आड़ में हुक्का बार का संचालक कर रहा था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है।


कैफे में चल रहा था हुक्का बार, संचालक समेत 5 पकड़े 
हुक्का बार पर छापेमारी की दूसरी कार्रवाई इंदिरापुरम पुलिस ने की। पुलिस ने सेक्टर.12 वसुंधरा में स्थित नजीर चिकन सेंटर के प्रथम तल पर पैराडाइज कैफे में चल रहे हुक्का बार का खुलासा किया है। एसएचओ इंदिरापुरम देवपाल सिंह पुंडीर ने बताया कि रविवार की रात सूचना के  आधार पर छापेमारी की गई तो हुक्का  बार का पर्दाफ ाश हुआ। मौके से 5 लोगों को पकड़ा गया, जो नशा कर रहे थे। इनमें हुक्का बार का संचालक भी शामिल है। जिसका नाम चांद निवासी ग्राम सिकरोड़ मसूरी है। जबकि अन्य चार लोगों में अमन निवासी करोल बाग दिल्ली, निखिल आनंद और सोनू चौहान निवासी वसुंधरा इंदिरापुरम एवं हर्ष सिंह निवासी राज नगर एक्सटेंशन नंदग्राम है। उन्होंने बताया कि मौके से 8 हुक्के,  सात हुक्का पाइप, 6 हुक्का प्लेट और 200 ग्राम तम्बाकू बरामद किया गया।


कौशांबी में हुक्का बार से पकड़े गए सात आरोपी
एसएचओ कौशांबी मनीष बिष्ट ने बताया कि सूचना के आधार पर एक हुक्का बार में छापेमारी की गई। वहां से नशा करते सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए लोगों में सुरेन्द्र पाल निवासी भोवापुर कौशांबी, हरेन्द्र निवासी विनोद नगर दिल्ली, राजे, कमल, गोविंद, गजेन्द्र व नीरज निवासी भोवापुर कौशांबी शामिल हैं। एसएचओ ने बताया कि मौके से भारी मात्रा में नशे का सामान भी बरामद किया गया है।

 

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
comments

.
.
.
.
.