Sunday, Jun 04, 2023
-->
jeba-had-clashed-with-the-assailants-to-save-her-friend

सहेली को बचाने के लिए हमलावरों से भिड़ गई थी जेबा, गोली मारकर फरार एक हमलावर गिरफ्तार

  • Updated on 5/25/2023

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। सहेली को बचाने पर महिला को गोली मारकर फरार हमलावर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 2 हमलावरों की सरगर्मी से तलाश चल रही है। जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल पीड़िता का गुरु तेग बहादुर अस्पताल दिल्ली में उपचार जारी है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है। पुलिस का कहना है कि विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर विवेचना चल रही है।

लोनी थानांतर्गत अमन गार्डन में मोबिन सपरिवार रहता है। वह पेशे से सिलाई कारीगर है। बुधवार की सुबह वह काम के सिलसिले में बाहर चला गया था। घर पर दोपहर में पत्नी जेबा के अलावा बेटे शाकिर व इरशाद थे। जेबा से मिलने पड़ोस की सहेली नजराना आई थी। इस बीच 3 व्यक्ति वहां आ धमके। जिन्होंने नजराना से गाली-गलौच कर मारपीट शुरू कर दी। सहेली को बचाने के लिए आरोपियों से जेबा भिड़ गई।

ऐसे में एक आरोपी ने हथियार निकाल कर 3 राउंड फायरिंग कर दी। नतीजन जेबा की आंख के ऊपर सिर व हाथ को छूकर गोली निकल गई। शोर-शराबा मचने पर हमलावर वहां से फरार हो गए। बाद में गंभीर हालत में पीड़िता को जीटीबी अस्पताल दिल्ली ले जाया गया। वहां उसका उपचार चल रहा है।

पीड़िता के पति मोबीन की शिकायत पर पुलिस ने कपिल पुत्र सादाराम निवासी ग्राम निठोरा लोनी के अलावा 2 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी कपिल को वीरवार को खड़खड़ी फाटक लोनी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार 2 हमलावरों की तलाश चल रही है। घटना के बाद से सिलाई कारीगर का परिवार खौफ में है। 
 

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
comments

.
.
.
.
.