Wednesday, Oct 04, 2023
-->
jewelery worth one crore left in the cab, police found it in four hours and handed it over to nri

कैब में छूटी एक करोड़ की ज्वेलरी, पुलिस ने चार घंटे में ढूंढकर एनआरआई को सौंपी

  • Updated on 12/1/2022

नई दिल्ली,(जुनेद अख्तर):दिल्ली से सटे नोएडा में अपनी बेटी की शादी के लिए लंदन से लगभग एक करोड़ से अधिक कीमत की ज्वेलरी लेकर नोएडा पहुंचे एक एनआरआई का ज्वैलरी से भरा बैग उबर कैब में छूट गया। एनआरआई ने इसकी सूचना थाना बिसरख पुलिस को दी। पुलिस ने ऊबर के गुडग़ांव के आफिस से संपर्क कर उबर कैब की लाइव लोकेशन प्राप्त की। चार घंटों में करोड़ों की ज्वैलरी बरामद कर एनआरआई को सौंप दी। पुलिस के कार्य की सराहना हो रही है।

निखिलेश कुमार सिन्हा एक एनआरआई है और लंदन में रहते हैं। उनकी पुत्री की शादी ए-202 समृद्धि ग्रैंड एवेन्यू आम्रपाली ग्रीन वैली, टेक जोन 4, ग्रेटर नोएडा वेस्ट पर होनी थी। जब वे अपना सामान लेकर गौर सरोवर पोर्टिको होटल गौर सिटी 1 पर पहुंचे तो उनका ज्वेलरी से भरा बैग उबर कैब में ही छूट गया। बैग में लगभग एक करोड़ के शादी से संबंधित गहने आदि थे। बैग के गायब होने के बाद हडक़ंप मच गया और उबर कैब की जब तलाश की गई, तो वह वहां से जा चुका था। थाना बिसरख प्रभारी निरीक्षक अनिल राजपूत ने सूचना मिलने के बाद जांच शुरू की तो कैब लाइव लोकेशन लाल कुआं जनपद गाजियाबाद में मिली। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कैब चालक को पकड़ कर पूछताछ की तो चालक ने बताया कि बैग पीछे की डिक्की में रखा हुआ था, मुझे इसकी जानकारी नहीं थी। पुलिस बैग को लेकर कैब चालक के साथ थाना बिसरख पहुंची। जहां पर निखिलेश कुमार सिन्हा और उनके परिजनों के सामने उस बैग को खोला गया, तो उसमें समस्त ज्वेलरी जिनकी कीमत लगभग एक करोड़ है बैग में सुरक्षित पाई गई। जिसके बाद निखिलेश कुमार सिन्हा और उनके परिजनों ने पुलिस को धन्यवाद कहा। 
 

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
comments

.
.
.
.
.