Friday, Sep 29, 2023
-->
Road accident is a serious problem of the country

सड़क दुर्घटना देश की एक विकट समस्या, प्रमुख सचिव परिवहन ने जताई गंभीर चिंता

  • Updated on 3/15/2023

नई दिल्ली/टीम डिजीटल। आईएमएस कॉलेज डासना में बुधवार को कर्म योग एवं सड़क सुरक्षा कार्यशाला आयोजित की गई। आमजन को सड़क दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक करने के मकसद से यह कार्यक्रम कराया गया। वक्ताओं ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की पुरजोर अपील की। मुख्य अतिथि उप्र के प्रमुख सचिव परिवहन एल. वेंकटेश्वर लू. ने सड़क सुरक्षा थीम आधारित कला प्रदर्शनी एवं रंगोली का अवलोकन किया।

तदुपरांत उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यशाला का शुभारंभ किया। प्रमुख सचिव परिवहन एल. वेंकटेश्वर ने कहा कि सड़क दुर्घटना देश की एक विकट समस्या है। प्रतिवर्ष सड़क दुर्घटनाओं से कई लाख व्यक्तियों की मौत होती हैं। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना से बचने के लिए यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। इसके अलावा हमेशा सजग रहना जरूरी है।

परिवहन उपायुक्त मेरठ परिक्षेत्र सुनीता वर्मा ने सड़क सुरक्षा के सभी मानकों पर खरे उतरने के लिए विभागीय अधिकारियों तथा कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों से अपील की। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का विधिवत पालन करने से शत-प्रतिशत सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि अभियांत्रिकी, एजुकेशन, एनफोर्समेंट और इमरजेंसी सर्विसेज के जरिए दुर्घटनाओं में कमी लाना संभव है।

हमें इनका पूर्ण ध्यान रखना होगा। वाहन चलाते वक्त सभी को ध्यान रखना होगा कि वह किसी भी तरह का यातायात नियम न तोड़ें। यह नियम उनकी सलामती के लिए ही बनाए गए हैं। पुलिस आयुक्त अजय कुमार मिश्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी भवतोष शंखधर, पुलिस उपायुक्त यातायात रामानंद कुशवाहा व एआरटीओ (प्रवर्तन) के.डी. सिंह गौर ने भी विचार व्यक्त किए।

विद्या भारती स्कूल की तनीषा अरोड़ा ने मूक अभिनय तथा श्री ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय की उदिता महेरिया ने नृत्य नाटिका के माध्यम से यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। कार्यक्रम में भावना खन्ना, अरुण कुमार, पूनम शर्मा व अनिल अग्रवाल को सम्मानित किया गया। अंत में राकेश छारिया ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। 
 

comments

.
.
.
.
.