Saturday, Sep 30, 2023
-->
two-laborers-died-after-being-buried-in-the-rubble-of-the-wall-that-collapsed-in-the-basement

बेसमेंट में भरभरा कर गिरी दीवार के मलबे में दबकर दो मजदूरों की मौत

  • Updated on 11/15/2021

नई दिल्ली (टीम डिजिटल): दिल्ली से सटे नोएडा में थाना सेक्टर 20 क्षेत्र के सेक्टर 2 स्थित ए 35 के बेसमेंट में हो रहे निर्माण कार्य के दौरान दीवार ढहने से 2 मजदूर उसमें दब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों मजदूरों को मलबे से निकालकर जिला अस्पताल ले गई। जहां जांच के दौरान दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। घटना सोमवार रात की है।

नोएडा जोन एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर 20 क्षेत्र के सेक्टर दो स्थित ए 35 बिल्डिंग के बेसमेंट में सोमवार रात निर्माण कार्य चल रहा था। राजू नामक ठेकेदार यह निर्माण कार्य करा रहा था। इस दौरान एक तरफ सरिया बांधा जा रहा था और 3 मजदूर नीचे काम कर रहे थे। तभी दूसरी तरफ की दीवार अचानक भरभरा कर ढह गई जिसमें तीनों मजदूर दब गए। गार्ड और दूसरे लोगों ने एक मजदूर को किसी तरह से बाहर निकाल लिया। जबकि 2 मजदूरों को पुलिस द्वारा बाहर निकाल कर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतकों में से सिर्फ एक की पहचान हुई है। मृतक का नाम अतुल दास (45) है। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला था और परिवार के साथ सेक्टर 2 में ही रहता था। जबकि दूसरे मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। इस मामले में मृतक के परिजनों ने किसी तरह की शिकायत नहीं की है। पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है।

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
comments

.
.
.
.
.