Monday, Sep 25, 2023
-->
woman arrested for embezzling crores of rupees in dubai dry food scam

दुबई ड्राई फूड घोटाले में करोड़ों रुपए का गबन करने वाली इनामी महिला गिरफ्तार

  • Updated on 4/12/2023

नई दिल्ली, (जुनेद अख्तर):दिल्ली से सटे नोएडा में थाना सेक्टर 63 पुलिस ने दुबई ड्राई फूड घोटाले में करोड़ों रुपए का गबन करने के मामले में फरार चल रही एक आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला वर्ष 2020 से लगातार फरार चल रही थी। जिसके चलते महिला पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने पकड़ी गई महिला को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। 
एडीसीपी राजीव दीक्षित ने बताया कि थाना सेक्टर 63 पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन के पास से नीलकमल पुत्री कमल सिंह निवासी हरीश नगर थाना सिकंदरा जिला आगरा को गिरफ्तार किया गया। नीलकमल के खिलाफ बहुचर्चित दुबई ड्राई फूड घोटाला के संबंध में वर्ष 2020 में थाना सेक्टर 58 में धोखाधड़ी के 11 मुकदमे दर्ज हुए थे जिसके बाद से वह फरार चल रही थी। नीलकमल की गिरफ्तारी पर 25 हजार रूपये का इनाम घोषित किया गया था। एडीसीपी ने बताया कि नीलकमल ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर थाना सेक्टर 58 क्षेत्र में दुबई ड्राई फूड एंड स्पाइस हब के नाम से एक आलीशान कार्यालय खोला था। ग्रुप के सदस्यों ने देश-विदेश से ड्राई फूड के थोक विक्रेताओं से भारी मात्रा में अलग तरह के कीमती ड्राई फूड का आर्डर मंगवाया। माल प्राप्त हो जाने पर विक्रेताओं को माल की कुल रकम का छोटा सा हिस्सा देकर उन्हें चेक दे दिए। गिरोह के सदस्य उपरोक्त चेकों को तुरंत ही कैंसिल करा देते थे। इस तरह इन लोगों ने सैकड़ों लोगों को करोड़ों रुपए का चूना लगाया था। अब तक इस मामले में 10 गिरफ्तारी हो चुकी है। जबकि इस मामले में अभी सात लोग फरार बताए जा रहे हैं। 
 

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
comments

.
.
.
.
.