Sunday, Mar 26, 2023
-->
AAP MLAs meet CP, demand dismissal of police officers

आप विधायकों ने की सीपी से मुलाकात, पुलिस अधिकारियों की मांगी  बर्खास्तगी

  • Updated on 1/3/2023

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। आम आदमी पार्टी के विधायक दल ने मंगलवार को पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा से मिलकर कंझावला की घटना में आरोपियों को बचाने वाले पुलिस अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग की है। आप की वरिष्ठ नेता आतिशी ने आरोप लगाया कि कंझावला मामले के आरोपी के भाजपा नेता होने की वजह से उपराज्यपाल और दिल्ली पुलिस उसे बचाने में जुटे हैं। 
     उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल के पास मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के काम रोकने के लिए 24 घंटे हैं लेकिन दिल्ली की महिलाओं को सुरक्षा देने के लिए दिन में एक मिनट भी नहीं हैं। दिल्ली के लोगों को चिंता है कि उनके घर की महिलाएं, बेटियां अपने घरों से बाहर कैसे निकलें। आतिशी ने कहा कि उनकी मांगे सुनने के बाद पुलिस आयुक्त ने कहा है कि वह अभी अपनी जांच कर रहे हैं। इसमें जो भी पुलिस अधिकारी लापरवाही के दोषी पाए जाएंगे या जिन्होंने अपनी ड्यूटी ठीक से नहीं निभाई है और आरोपियों का जिन्होंने बचाव किया है, उन पर भी कारर्वाई की जाएगी। 
      आप विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पीडि़त परिवार की हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है। बच्ची की मां को किडनी की बीमारी है। उनकी भी मदद की जाएगी और आर्थिक मदद भी की जाएगी। इसके अलावा अभियोजन विभाग को कह दिया है कि दिल्ली का सबसे बढिय़ा अधिवक्ता उस लड़की को दिया जाएगा, ताकि पुलिस की अगर कुछ कमियां भी हो तो उनसे भी पार पा सकें।    
     आप विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त को एक ज्ञापन सौंपा जिसमें उन्होंने कथित रूप से आरोपियों को बचाने के लिए बाहरी दिल्ली, जिला पुलिस उपायुक्त हरेंद्र सिंह को, रास्ते पर तैनात पुलिस अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग की। ज्ञापन में कहा कि आरोपियों के राजनीतिक संबंध हैं। पुलिस को राजनीतिक दबाव में नहीं आना चाहिए। इसे जघन्य माना जाना चाहिए और सख्त सजा दी जानी चाहिए। आप विधायकों ने कहा कि जिस व्यक्ति ने एफआईआर दर्ज की और हल्की धाराएं लगायी है उसे भी बर्खास्त किया जाए। प्रतिनिधिमंडल में सोमनाथ भारती, प्रोमिला टोकस, कुलदीप कुमार आदि मौजूद थे। 
 

comments

.
.
.
.
.