Saturday, Apr 01, 2023
-->
bjp-mla-arrived-wearing-a-mask-and-carrying-an-oxygen-cylinder

मास्क पहनकर, ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर पहुंचे भाजपा विधायक 

  • Updated on 1/16/2023

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। प्रदूषण से निपटने में आम आदमी पार्टी सरकार पर निष्क्रियता के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के विधायक सोमवार को दिल्ली विधानसभा में शीतकालीन सत्र के पहले दिन ऑक्सीजन मास्क और सिलेंडर लेकर पहुंचे। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामबीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली गैस चैंबर बन गई है लेकिन दिल्ली सरकार प्रदूषण की समस्या पर ध्यान नहीं दे रही है। 
        विधानसभा कार्यवाही शुरू होते ही आप के विधायकों ने मास्क पहने और ऑक्सीजन सिलेंडर लाने वाले भाजपा विधायकों का विरोध शुरू कर दिया। नाराजगी प्रकट करते हुए विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने निर्देश दिया कि भाजपा सदस्यों से सिलेंडर ले लिया जाए और सवाल किया कि सुरक्षा प्रतिबंधों के बावजूद वे उन्हें सदन में कैसे लाए। चूक का संज्ञान लेते हुए और यह देखते हुए कि सिलेंडर का इस्तेमाल किसी को घायल करने के लिए किया जा सकता है, उन्होंने इस मुद्दे पर सुरक्षा कर्मियों को अपने कक्ष में बुलाया। 
       भाजपा विधायकों रामबीर सिंह बिधूड़ी, अभय वर्मा, मोहन सिंह बिष्ट, ओम प्रकाश शर्मा, विजेंद्र गुप्ता और जितेंद्र महाजन भी अपने गले में तख्तियां पहने हुए देखे गए। इन तख्तियों पर लिखा था कि जहरीली हवा के कारण दिल्ली के लोग मर रहे हैं। विपक्षी दल के विधायकों ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की। रामबीर सिंह बिधूड़ी ने  कहा कि प्रदूषण के कारण लोग कैंसर और फेफड़ों की बीमारियों से पीडि़त हो रहे हैं। अस्पताल सांस की बीमारियों के मरीजों से भरे पड़े हैं।
     भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदूषण की गंभीर समस्या की ओर दिल्ली सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए विधायकों ने अनोखा तरीका अपनाया। भाजपा सदस्यों का प्रदर्शन थमता न देख अध्यक्ष ने कहा अगर आप कोरोना से संक्रमित हुए थे तो मुझे प्रमाण पत्र दिखाएं। मैं आपको ऑक्सीजन सिलेंडर लाने की अनुमति दूंगा। 
 

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
comments

.
.
.
.
.