Tuesday, Jun 06, 2023
-->
delhi mlas will now get 90 thousand salary every month

दिल्ली के विधायकों को अब हर महीने मिलेगी 90 हजार सैलरी

  • Updated on 3/12/2023

-विधि,न्याय एवं विधायी कार्य विभाग के प्रधान सचिव ने जारी की अधिसूचना

-वेतन एवं भत्ता में बढ़ोत्तरी बीते 14 फरवरी से लागू की गई

नई दिल्ली/ ताहिर सिद्दीकी। दिल्ली के विधायकों का वेतन एवं भत्ता करीब 12 साल बाद बढ़ गया है। दिल्ली सरकार के विधि,न्याय एवं विधायी कार्य विभाग के प्रधान सचिव भरत पाराशर ने विधायकों के वेतन एवं भत्तों में 66 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी की अधिसूचना जारी कर दी है। अब दिल्ली में प्रत्येक विधायक को वेतन एवं भत्तों के रूप में हर महीने 90,000 रुपए मिलेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, मुख्य सचेतक और नेता प्रतिपक्ष के वेतन एवं भत्ता बढ़कर 1.70 लाख रूपए प्रतिमाह हो गया है। वेतन एवं भत्ता में बढ़ोत्तरी बीते 14 फरवरी से लागू की गई है। इससे पहले दिल्ली के विधायकों का वेतन एवं भत्ता 2011 में बढ़ाया गया था। दिल्ली में कुल 70 विधायक हैं।

बता दें कि गत 4 जुलाई को दिल्ली विधानसभा ने मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों, मुख्य सचेतक, विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष के वेतन-भत्तों में वृद्धि से संबंधित 5 अलग-अलग विधेयक पारित कर केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजा था। राष्ट्रपति ने 14 फरवरी को मंजूरी दी थी। विधि,न्याय एवं विधायी कार्य विभाग की अधिसूचना के अनुसार विधायकों का मासिक वेतन एवं भत्ता 54 हजार रूपए से बढ़कर 90 हजार रूपए हो गया है। मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, मंत्रियों व विपक्ष के नेता का वेतन व भत्ता बढ़कर 1.70 लाख रूपए प्रतिमाह हो गया है ,जो पहले 72,000 रूपए था। विधायकों का बेसिक वेतन 12 हजार रूपए से बढ़ाकर 30 हजार रूपए किया गया है। इसके अलावा दैनिक भत्ता भी एक हजार रूपए से बढ़ाकर 1,500 कर दिया गया है। मुख्यमंत्री, मंत्रियों,विधानसभा अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष का बेसिक वेतन 60 हजार रूपए कर दिया गया है, जो पहले 18 हजार रूपए था। विधायकों को अलग से सालाना एक लाख रूपए का यात्रा भत्ता भी मिलेगा, जो अभी 50 हजार रूपए था। इस बढ़ोत्तरी के बावजूद राष्ट्रीय राजधानी के विधायकों को तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश के विधायकों से कम वेतन मिलेगा और संभवत: देश में अब भी सबसे कम वेतन पाने वाले विधायकों में शामिल हैं।

------------------

ऐसे बढ़ा विधायकों का वेतन एवं भत्ता

मद                      पहले        अब

वेतन               12,000        30,000

विधानसभा भत्ता 18,000 25,000

किराया भत्ता        6,000        10,000

टेलिफोन भत्ता        8,000        10,000

सचिवालय भत्ता 10,000        15,000

 ---------------------------------

                       54,000              90,000

-------

अन्य भत्ता ( विधायक)

मद                      पहले        अब

रोजाना भत्ता       1,000        1,500

यात्रा सुविधा       50,000        1,00,000

पेंशन               7,500        15,000

-----

मुख्यमंत्री, स्पीकर, मंत्रियों व विपक्ष के नेता का वेतन एवं भत्ता

मद                      पहले        अब

वेतन                      20,000        60,000

विधानसभा भत्ता 18,000        30,000

सत्कार भत्ता       4,000        10,000

सहायता भत्ता        --               25,000

दैनिक भत्ता        1,000              1,500

-------------------------------

                         72,000        1,70,000

------

अन्य राज्य में विधायकों के वेतन एवं भत्ता

गोव 2.24 लाख

उत्तराखंड 1.98 लाख

हिमाचल प्रदेश 1.90 लाख

हरियाणा 1.55 लाख

बिहार 1.30 लाख

राजस्थान में 1.42 लाख

तेलंगाना में 2.5 लाख

-----

1993 में जब विधानसभा बनी तब से अब तक 5 बार विधायकों की सैलरी बढ़ चुकी है

2011 में इससे पहले विधायकों का वेतन बढ़ाया गया था

66 फीसदी तक अब बढ़ गया विधायकों का वेतन

70 विधायक हैं दिल्ली में 

 

 

 

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
comments

.
.
.
.
.