Monday, May 29, 2023
-->
delhi-to-have-80-per-cent-electric-buses-by-2025-kejriwal

दिल्ली में 2025 तक 80 प्रतिशत इलेक्ट्रिक बसें होंगी : केजरीवाल

  • Updated on 1/3/2023

--सीएम अरविंद केजरीवाल ने 50 नई लो फ्लोर इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई झंडी

--दिल्ली की सड़कों पर अब 7379 बसें 

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि 2025 तक दिल्ली की 80 प्रतिशत बसें बिजली से चलने वाली होंगी और ई-बसें चलाने से राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण कम करने में काफी मदद मिलेगी। केजरीवाल ने इलेक्ट्रिक बसों की खरीद के लिए एक रोडमैप साझा करते कहा कि दिसंबर 2023 तक दिल्ली के पास 2280 इलेक्ट्रिक बसें हो जाएंगी और 2025 तक 6380 और ई-बसें खरीदी जाएंगी। जिसके बाद दिल्ली में कुल 10480 बसें हो जाएंगी, जिसमें 8280 इलेक्ट्रिक बसें होंगी, जो कुल बस बेड़े का 80 प्रतिशत है। उन्होंने राजघाट डिपो में 50 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि हमारे पास अभी 300 इलेक्ट्रिक बसें हैं। सीएम ने कहा कि डीएमआरसी की 100 इलेक्ट्रिक बसों को भी टेकओवर कर रहे हैं और ये बसें दिल्ली में चल रही हैं। इस तरह दिल्ली के पास 400 इलेक्ट्रिक बसें हो गई हैं। उन्हाेंने कहा कि पूरे देश में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक बसें मुंबई में हैं।मुंबई में इलेक्ट्रिक की 406 बसें हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई से अब हम केवल 6 बसें ही पीछे हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में इस समय पिछले 75 वर्षों में सबसे अधिक संख्या है। दिल्ली में कुल 7379 बसें हैं। इसमें से 4060 डीटीसी के अंतर्गत है और क्लस्टर में 3319 बसें डीआईएमटीएस (दिल्ली इंटीग्रेटेड मल्टीमाडल ट्रांजिट सिस्टम्स) के तहत संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि डीएमआरसी के फीडर रूट पर 100 इलेक्ट्रिक बसें पर्याप्त नहीं हैं और साल के अंत तक बसें बढ़ाकर 480 कर देंगे। डीएमआरसी की 100 इलेक्ट्रिक बसें और डीटीसी की 300 इलेक्ट्रिक बसें यानी दिल्ली में कुल 400 इलेक्ट्रिक बसें हो गई हैं।

उन्होंने बसों का पूरा गणित समझाते हुए बताया कि दिसंबर तक 480 फीडर बसें डीएमआरसी की ली जाएंगी, इस समय 300 इलेक्ट्रिक दिल्ली सरकार के पास हैं।1500 और नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जा रही हैं। इस तरह इस साल दिसंबर तक दिल्ली के पास 2280 इलेक्ट्रिक बसें हो जाएंगी। 2025 के अंत तक हम 2280 इलेक्ट्रिक बसों के अलावा 6380 और इलेक्ट्रिक बसें खरीदेंगे। इस प्रकार 2025 के अंत तक दिल्ली में कुल 10480 बसें हो जाएंगी। जिसमें 8280 इलेक्ट्रिक बसें होंगी। इस तरह कुल बस बेड़े में 80 प्रतिशत इलेक्ट्रिक बसें हो जाएंगी।

-----

इलेक्ट्रिक बसों के लिए तैयार हो रहे 56 बस डिपो

सीएम ने इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाने के साथ ही अल्ट्रा चार्जिंग स्टेशन का भी उद्घाटन किया है।उन्होंने बताया कि अल्ट्रा चार्जिंग प्वाइंट्स वो हैं, जहां पर बसों को बहुत कम समय में चार्ज किया जा सकता है।उन्हाेंने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों के लिए 56 बस डिपो तैयार किए जा रहे हैं।इन डिपो को तैयार करने पर करीब 1500 करोड़ रुपए खर्च किया जाएगा।अभी तीन डिपो का विद्युतीकरण का काम किया जा चुका है।17 डिपो को जून 2023 तक और 36 डिपो को दिसंबर 2023 तक विद्युतीकृत कर दिया जाएगा।इन बसों में पैनिक बटन, जीपीएस सिस्टम, कैमरा समेत कई आधुनिक सुविधाएं हैं।

-----

इन सात रूटों पर दौड़ेंगी 50 नई लो फ्लोर इलेक्ट्रिक बसें

ये सभी बसें रोहिणी के सेक्टर 37 में बने बस डिपो में रखी जाएंगी। इनमें से 48 बसों के लिए रुट निर्धारित किया गया है, जबकि 2 बसों को रिजर्व में रखा गया है।इनमें से सात बसें रुट संख्या 165 पर शाहबाद डेयरी से आनंद विहार आईएसबीटी तक, पांच बसें रुट संख्या 879 पर शाहबाद डेयरी से सागरपुर तक तथा छह बसें रुट संख्या 901 पर मंगोलपुरी कमला मार्केट तक जाएंगी। इसके साथ ही सात बसें रुट संख्या 957पर रोहिणी सेक्टर 22 टर्मिनल से शिवाजी स्टेडियम, 16 बसें रुट संख्या 971 पर रोहिणी सेक्टर-1 आनंद विहार आइएसबीटी तथा दो बसें रुट संख्या 990ए पर रोहिणी सेक्टर 25 से शिवाजी स्टेडियम तक और पांच बसें रुट संख्या 990एक्सटेंशन पर रोहिणी सेक्टर 25 से शिवाजी स्टेडियम तक जाएंगी।

 

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
comments

.
.
.
.
.