Wednesday, May 31, 2023
-->
after-tulip-festival-ndmc-will-now-organize-g20-flower-festival

ट्यूलिप फेस्टिवल के बाद अब एनडीएमसी करेगी जी20 फ्लावर फेस्टिवल

  • Updated on 3/5/2023

नई दिल्ली। नवोदय टाइम्स। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) भव्य ट्यूलिप फेस्टिवल के बाद अब जी20 फ्लावर फेस्टिवल करने जा रही है। यह फेस्टिवल 11-12 मार्च 2023 को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य जी20 सदस्य और अतिथि देशों की जीवंतता और रंगीन प्रदर्शन को भारत की राजधानी में प्रदर्शित करना है।

जी20 देशों को भागीदारी के लिए किया गया है आमंत्रित
नई दिल्ली में कनॉट प्लेस, दिल्ली का एक प्रमुख पर्यटक/वाणिज्यिक आकर्षण है, जहां हर दिन बड़ी संख्या में पर्यटक और नागरिक आते हैं। यह फूल उत्सव जी20 सदस्यों और अतिथि देशों के बारे में आम जनता के बीच प्रचार और जागरूकता का एक अवसर है। इसमें विभिन्न रंगों और किस्मों के फूलों के पौधों को विभिन्न रूपों और स्थापनाओं/संरचनाओं में प्रदर्शित किया जाएगा। एनडीएमसी भारतीय उपमहाद्वीप की विविधता को प्रदर्शित करने वाले विभिन्न फूलों के पौधों को यहां प्रदर्शित करेगी। एनडीएमसी के इस पुष्प महोत्सव में भाग लेने के लिए सभी जी20 सदस्य देशों और अतिथि देशों को आमंत्रित किया गया है। एनडीएमसी सभी भाग लेने वाले जी20 सदस्य देशों और अतिथि देशों को पुष्प महोत्सव के लिए आवश्यक स्थान प्रदान करेगी।

अन्य नगर निकाय भी लेंगे हिस्सेदारी
एनडीएमसी के इस फ्लॉवर फेस्टिवल में विभिन्न सरकारी विभागों की भागीदारी भी देखी जाएगी। इनमें बागवानी विभाग, नागरिक एजेंसियां, प्रमुख नर्सरी, बागवानी उपकरण, बीज, उर्वरक आदि के आपूर्तिकर्ता भी शामिल होंगे। मौसमी और विशिष्ट वनस्पतियों की यहां एक विशाल विविधता प्रदर्शित की जाएगी। इनमें डीडीए, सीपीडब्ल्यूडी, पीडब्ल्यूडी, एमसीडी, जलबोर्ड, नोएडा व गाजियाबाद प्राधिकरण, आसीएआर, विभिन्न राज्यों के राज्य-भवनों और सदनों को भी आमंत्रित किया है। बागवानी के प्रति उत्साही लोगों के लिए यह पुष्प प्रदर्शनी एक महत्वपूर्ण त्योहार होगा।

जी20 देशों के राष्ट्रीय फूलों की मिलेगी जानकारी
इस महोत्सव में फूलों के उत्सव के दौरान जी20 सदस्य देशों और अतिथि देशों के राष्ट्रीय फूलों या प्रमुख फूलों के बगीचों जैसे फूलों की पेंटिंग या तस्वीरें भी दिखाई जाएंगी। फ्लावर फेस्टिवल के दौरान किसी भी फूल/सजावट या फूलों की व्यवस्था का प्रदर्शन भी किया जा सकता है। यहां फ्लावर फेस्टिवल में डहलिया, बोगेनविलिया, पत्तेदार पौधे, बोन्साई, कैक्टस और पॉटेड पौधों में रसीले पौधे, हैंगिंग बास्केट, फ्लोरल फिगर और बोर्ड, ट्रे गार्डन, फ्लोरल अरेंजमेंट्स आदि जैसे रंगीन और जीवंत फूलों के विभिन्न वर्गों को विभिन्न रूपों में प्रदर्शित किया जाएगा जो भारतीय उपमहाद्वीप की विविधता को दर्शाता है।

पेंटिंग प्रतियोगिता का भी किया जाएगा आयोजन
वनस्पतियों और जीवों की थीम पर स्कूली बच्चों के बीच स्थल पर एक पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। सभी जी-20 सदस्य देशों और अतिथि देशों से अनुरोध किया गया है कि वे पुष्प महोत्सव में भाग लेने के लिए आमंत्रित करते समय अपनी रुचि की अभिव्यक्ति को जल्द भेजें ताकि एनडीएमसी इस पुष्प महोत्सव में प्रतिभागियों को उनकी पुष्प प्रदर्शनी के प्रदर्शन के लिए प्रमुख स्थान आवंटित कर सके। एनडीएमसी के इस पुष्प महोत्सव का समय सुबह 10 से शाम 7 बजे तक रहेगा। आम जनता के लिए प्रवेश नि:शुल्क होगा और प्रवेश कनॉट प्लेस के डी ब्लॉक के सामने वाले गेट से होगा।

खरीद सकेंगे फूल व पौधे
एनडीएमसी द्वारा आयोजित इस फेस्टिवल में फूल-पौधों के शौकीनों के लिए कई स्टॉल भी लगाए गए हैं। इन स्टॉलों से लोग अपने पसंदीदा पौधे, फूल आदि भी खरीद सकते हैं। यही नहीं यहां आपको पौधों के बारे में विभिन्न प्रकार की जानकारी के साथ उनकी देखभाल कैसे की जाए इस पर भी ज्ञान बढ़ाया जा सकता है। इस अवसर पर प्रदर्शनी देखने आए आगुन्तकों के लिए एनडीएमसी सेंट्रल पार्क एम्फीथिएटर में साइट पर मनोरंजन के लिए संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन करेगी।

फूलों की सीढ़ी व लटकते फूलों के बॉस्केट होंगे आकर्षण का केंद्र
एनडीएमसी द्वारा यहां पहले से ही एम्फीथिएटर की सीढियों पर सीढ़ीनुमा फ्लावर गार्डन विकसित किया गया है जोकि बेहद खूबसूरत है। इसके अलावा गोल एक बड़े ढांचे में लटकती हुई फूलों की बॉस्केट व फूलों का पिरामिड खास आकर्षण का केंद्र है। इनमें प्यूटूनिया के रंग-बिरंगे फूलों के साथ ही सेल्विया बेहद खूबसूरत लग रहे हैं।

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
comments

.
.
.
.
.