Monday, Oct 02, 2023
-->
ayodhya ram temple construction picture released, trust appreciated the work of the workers

अयोध्या राम मंदिर के निर्माण की तस्वीर जारी, ट्रस्ट ने श्रमिकों के काम को सराहा

  • Updated on 5/2/2023

नई दिल्ली/ निशांत राघव। विश्व के तमाम मंदिरों में अग्रणी मंदिर के रूप में अयोध्या में श्रीराम मंदिर को तैयार किया जा रहा है। श्रमिक दिवस के अवसर पर अयोध्या श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने श्रमिकों के काम की सराहना भी अलग ढंग से की। ट्रस्ट की तरफ से सोशल मीडिया पर मंदिर निर्माण की तस्वीरों को साझा किया गया। साथ ही तस्वीरों के जरिये मंदिर निर्माण की कार्य प्रगति को भी दर्शाया गया। तस्वीरों में दिख रहा है कि मंदिर निर्माण में छत की ढलाई का कार्य हो रहा है।

दरअसल सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद से अयोध्या श्रीराम जन्म भूमि परिसर में मंदिर निर्माण युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। राजस्थान के बंसी पहाड़पुर के नक्काशीदार पत्थरों से संपूर्ण मंदिर को बनाया जा रहा है।

श्रमिकों के काम को समय-समय पर ट्रस्ट अपने औपचारिक ट्वीटर हैंडल से व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म तक पर साझा करता रहा है। पिछले दिनों जारी वीडियो में भी विशेषतौर पर ट्रस्ट ने इंजीनियरों व श्रमिकों के काम को दर्शाते हुए मंदिर की भव्यता को उजागर किया था।

ट्रस्ट के पदाधिकारी ने कहा कि जिस तन्मयता से श्रमिकों और इंजीनियरों ने श्रीराम मंदिर के निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने का काम किया है, वह वास्तव में सराहनीय है।

उल्लेखनीय है कि मंदिर के हर खंभे पर नक्काशी भी की गई है, जिस पर देवी-देवताओं की मूर्तियां भी उकेरी जाएंगी। इसके अलावा मंदिर में भगवान राम के जीवन से जुड़े ऋषि-मुनियों के भी मंदिर बनाए जाएंगे।

इससे पूर्व ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने भी मंदिर निर्माण से संबंधित तस्वीरों के साथ श्रीराम मंदिर के प्रवेश द्वार की फोटो भी जारी की थी। जिसके साथ ही उन्होंने राम भरोसो राम बल, राम नाम बिस्वास। सुमिरत सुभ मंगल कुसल, मांगत तुलसीदास। पंक्ति को लिखा था। ट्रस्ट पदाधिकारी के अनुसार मंदिर निर्माण का पहले फेज का काम अक्तूबर 2023 तक पूरा होना है। हालांकि तय लक्ष्य के अनुसार दिसंबर के अंत तक निर्माण कार्य पूरा किया जाना है और जनवरी 2024 में श्रीराम मंदिर में रामलला विराजमान होंगे।

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
comments

.
.
.
.
.