Thursday, Mar 30, 2023
-->
by-elections-result-2021-bjp-unanswered-in-the-north-musrnt

By- Elections Result 2021: भाजपा उत्तर में निरुत्तर, मगर मध्य- पूर्वोत्तर में सुकून

  • Updated on 11/3/2021

नई दिल्ली /अकु श्रीवास्तव। उपचुनाव के जो नतीजे आए हैं, उसमें खोया- पाया का गणित हर राजनीतिक दल अपने हिसाब से बता रहा है। मगर ये नतीजे सभी पार्टियों को सोचने को विवश करते हैं। कांग्रेस ने हिमाचल और राजस्थान में अच्छा प्रदर्शन किया है। लेकिन यह भी सच है कि मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और असम में वह कुछ नहीं कर पाई। केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा उत्तर में निरुत्तर  मगर मध्य से पूर्वोत्तर में मजबूत होकर उभरी है।

भाजपा की हिमाचल में हार चिंताजनक है और देखना यह है कि वो इसको किस रूप में लेती है। भाजपा ने मंडी सीट गंवाई है। यहां सिर्फ यह कहने से काम नहीं चलेगा कि प्रतिभा सिंह को पूर्व मुख्यमंत्री वीर भद्र सिंह की मौत से उपजे सहानुभूति वोट मिले हैं।

जाहिर है इन नतीजों से भाजपा को और सतर्क होना होगा। वैसे भी 30 विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने 15 सीटों पर जीत दर्ज की, वहीं कांग्रेस को  8, तृणमूल को 4 तथा अन्य दलों को 3 सीटों पर जीत मिली है। वहीं जिन तीन लोकसभा सीटों के लिए चुनाव हुआ उनमें से खंडवा से भाजपा, दादरा नगर हवेली से शिवसेना और मंडी से कांग्रेस को जीत मिली है।

मध्य प्रदेश में प्रदेश के जगत मामा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी मजबूत पकड़ दिखा दी है। यहां खंडवा, जोबट, पृथ्वीपुर की सीटें भाजपा ने जीत लीं और कांग्रेस के हाथ सिर्फ रैगांव की एक सीट आई। खंडवा की लोकसभा सीट भी भाजपा ने जीत ली।  इस जीत ने शिवराज सिंह चौहान का कद और बढ़ाया है। शिवराज सिंह को हटाने की जो चर्चाएं होती थीं, अब उस पर भी विराम लग जाएगा।

हिमाचल प्रदेश में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। यह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयप्रकाश नड्डा का भी गृह प्रदेश है।  वहां तीनों विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर कांग्रेस को जीत मिली है। मगर ये नतीजे हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के लिए कठिन परिस्थिति बनाते हैं। शायद अपनी कुर्सी बचाने के लिए ही उन्होंने हार का ठीकरा बढ़ती महंगाई पर फोड़ा है। महंगाई अगर बड़ा मुद्दा होती तो इसका असर अन्य राज्यों में भी उतना ही दिखता। ऐसे नतीजों के बाद भाजपा आलाकमान क्या करता है, देखना रोचक होगा।

तेलंगाना में हजूरा सीट का जीतना भाजपा के लिए महत्वपूर्ण है। नगर निगम चुनावों में भाजपा ने कुछ महीने पहले काफी सीटें जीती थीं। बंगाल के नतीजे पूरी तरह उम्मीद के अनुरूप हैं। वहां दीदी की दादागीरी चलती है। सत्ता के दुरुपयोग के आरोप लगते रहे हैं। असम में तो भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन ने कमाल किया है। उपचुनाव में पांचों सीटों पर जीत दर्ज की। इनमें से तीन सीटें तो खुद भाजपा ने जीती है। दो सीटें उसकी सहयोगी पार्टी यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल को मिली हैं।

हेमंत बिस्वा शर्मा ने अपनी कमाल की पकड़ साबित की है। कर्नाटक में मिले जुले नतीजे हैं। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के गृह जिले की विधानसभा सीट हानागल भाजपा से छीन ली है तो सिंदगी सीट भाजपा ने जीती है। राजस्थान की दोनों सीटें कांग्रेस ने जीती हैं तो इसके पीछे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का व्यक्तिगत करिश्मा है। दादर नगर हवेली लोकसभा सीट से शिवसेना की जीत एक बड़ी जीत कही जा सकती है।

बिहार में नीतीश फिर मजबूत साबित हुए हैं। लंबे समय बाद लालू प्रसाद चुनाव प्रचार में उतरे मगर राजद को जीत नहीं मिली। इस तरह राजद ने नीतीश कुमार को विफल साबित करने का मौका गंवा दिया और लालू प्रसाद की एंट्री का कोई बड़ा लाभ लेने में पार्टी नाकाम रही। बिहार में राजद को अब समझना होगा कि उसे कांग्रेस की कितनी जरूरत है। कांग्रेस को भी सोचना होगा कि उसकी हालिया एकला चलो की नीति कितनी लाभदायक है।

हरियाणा में ऐलनाबाद सीट फिर इनेलो नेता अभय चौटाला ने जीत ली है। वहां कुछ नहीं बदला है। नए तीन कृषि कानूनों के विरोध में अभय चौटाला ने इस्तीफा दिया था। फिर से उनकी जीत भाजपा के लिए संकेत है कि हरियाणा में कृषि कानून एक बड़ा मुद्दा रहने वाले हैं। कुल मिलाकर उपचुनाव के इन नतीजों का आने वाले पांच राज्यों के चुनाव पर ज्यादा असर नहीं पड़ने वाला।

खासकर गुजरात और उत्तर प्रदेश तो अप्रभावित ही रहने वाले हैं। कांग्रेस को सोचना है कि वह अपनी खोई जमीन कैसे हांसिल करे। वह इसकी तैयारी तो करना चाहती है मगर इससे क्षेत्रीय दलों के वोट ही कटेंगे। ममता जिस तरह से मजबूत हो रही हैं, वह भी कांग्रेस के लिए खतरा है। तृणमूल के नेता खुलकर ममता को भविष्य की प्रधानमंत्री बताने लगे हैं। वैसे सबकी नजर भाजपा के आगामी कदमों पर रहेगी।

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
comments

.
.
.
.
.