Thursday, Jun 01, 2023
-->
cm shivraj left 12 days in kuno national park. african leopards, number increased to 20

CM शिवराज ने कूनो राष्ट्रीय उद्यान में छोड़े 12 द. अफ्रीकी चीते, संख्या बढ़कर 20 हुई

  • Updated on 2/18/2023

नई दिल्ली/ टीम डिजिटल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कूनो राष्ट्रीय उद्यान में पांच मादा सहित 12 दक्षिण अफ्रीकी चीतों को बाड़े में छोड़ा, जिससे राज्य में चीतों की संख्या 20 हो गयी। इस अवसर केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और राज्य के वन मंत्री विजय शाह विशेष रूप से मौजूद थे।

भारतीय वायुसेना के विशेष विमान में इन चीतों को पहले ग्वालियर लाया गया, चिकित्सकीय जांच की गई और फिर कूनो के लिए हेलीकॉप्टरों में रवाना किया गया। चीतों की देखभाल के लिये कूनो राष्ट्रीय उद्यान में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बारह चीतों को रखने के लिये 10 कोरेंटाइन बोमा तैयार किये गये हैं।

इनमें 8 नये और 2 पुराने कोरेंटाइन बोमा को परिवर्तित किया गया है। इसके अलावा दो आइसोलेशन वार्ड तैयार किये गये हैं। सभी कोरेंटाइन बोमा में छाया के लिये शेड बनाये गये हैं। चीतों के लिये पानी की व्यवस्था की गयी है। मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि चीतों का पुनर्वास पर्यटन तथा रोजगार की द्दष्टि से महत्वपूर्ण है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विलुप्त हुए चीतों का पुनर्स्थापन एशिया महाद्वीप, भारत और भारत में भी मध्यप्रदेश में किया है। पूरा प्रदेश उनका आभार प्रकट कर रहा है। इससे पहले 17 सितम्बर 2022 को प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा अपने जन्म दिवस के अवसर पर नामीबिया से लाये 8 चीतों को कूनो में छोड़ा गया था।

भारत में अंतिम चीते की मृत्यु वर्तमान छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में 1947 में हुई थी और इस प्रजाति को 1952 में विलुप्त घोषित कर दिया गया था। भारत में चीतों को फिर से बसाने के उद्देश्य से ‘प्रोजेक्ट चीता' की शुरुआत की गई। इसके तहत पहले नामीबिया से और अब दक्षिण अफ्रीका से चीतों को यहां लाया गया है।

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।

comments

.
.
.
.
.