Monday, Dec 04, 2023
-->
congress mla khaira sent to 14-day judicial custody in punjab

पंजाब में कांग्रेस विधायक खैरा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

  • Updated on 10/1/2023

नई दिल्ली/ टीम डिजिटल। पंजाब की फाजिल्का जिले की एक अदालत ने शनिवार को 2015 के मादक पदार्थ मामले में गिरफ्तार कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को दो दिन की पुलिस हिरासत समाप्त होने के बाद खैरा को कड़ी सुरक्षा के बीच जलालाबाद स्थित अदालत में पेश किया गया।

भुलथ से विधायक खैरा को बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस उप महानिरीक्षक स्वप्न शर्मा के नेतृत्व वाले विशेष जांच दल (एसआईटी) की जांच के बाद 2015 के मादक पदार्थ मामले में खैरा को गिरफ्तार किया गया है। मादक पदार्थ से जुड़ा यह मामला मार्च 2015 में फाजिल्का के जलालाबाद में दर्ज किया गया था।

इसमें गुरदेव सिंह सहित नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी और बाद में उन्हें स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत दोषी ठहराया गया था। पुलिस ने आरोपियों पास से दो किलोग्राम हेरोइन, सोने के 24 बिस्कुट, एक देसी पिस्तौल, एक .315 बोर की पिस्तौल और दो पाकिस्तानी सिम कार्ड बरामद किए थे। पुलिस जांच के दौरान बाद में खैरा का नाम सामने आया था।

उच्चतम न्यायालय ने 2017 में खैरा के खिलाफ निचली अदालत की कार्यवाही पर रोक लगा दी थी, जिन्हें मामले में अतिरिक्त आरोपी के तौर पर तलब किया गया था। खैरा को 2015 के मादक पदार्थ मामले से जुड़े धन शोधन के आरोप में 2021 में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तार किया गया था, लेकिन 2022 में उन्हें जमानत मिल गई।

उच्चतम न्यायालय ने फरवरी 2023 में, 2015 के मादक पदार्थ मामले में खैरा के खिलाफ समन आदेश को रद्द कर दिया था। कांग्रेस की पंजाब इकाई ने खैरा के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दिया था। पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के आरोपों का खंडन किया है। 

comments

.
.
.
.
.