Thursday, Mar 30, 2023
-->
elections result 2021: bjp in assam, mp, tmc ahead in bengal

By- Elections Result 2021: असम, MP में भाजपा, बंगाल में TMC आगे

  • Updated on 11/2/2021

नई दिल्ली /टीम डिजिटल। देश के 13 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की 29 विधानसभा और 3 लोकसभा सीटों पर हुए चुनाव की मतगणना जारी है। मध्य प्रदेश, बिहार, हिमाचल, हरियाणा, असम समेत कई राज्यों से रुझान आने लगे हैं। अब तक रुझानों के मुताबिक असम की सभी पांच विधानसभा सीटों पर भाजपा आगे चल रही है। हरियाणा की ऐलनाबाद सीट पर इनेलो को बढ़त है। मध्य प्रदेश  में एक लोकसभा सीट सहित सभी तीन सीटों पर भाजपा आगे है। हिमाचल की लोकसभा सीट पर भी बीजेपी आगे चल रही है। प. बंगाल में सभी 4 विधानसभा सीट पर टीएमसी लीड कर रही है।

बिहारः कुशेश्वरस्थान से RJD, तारापुर से JDU आगे

दोनों सीटों में से कुशेश्वरस्थान पर राजद और  तारापुर से जदयू  आगे हैं। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, तारापुर सीट पर जद (यू) के राजीव कुमार सिंह 224 मतों से अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी राजद के अरुण कुमार से आगे चल रहे हैं। कुशेश्वरस्थान सीट पर राजद के गणेश भारती जद (यू) के अमन भूषण अजारी से 365 मतों से आगे चल रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश: मंडी संसदीय सीट पर BJP प्रत्याशी आगे

करगिल युद्ध के नायक और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) खुशाल ठाकुर मंडी संसदीय सीट पर अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की प्रतिभा सिंह से 1855 मतों से आगे हैं। प्रतिभा सिंह दिवंगत मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं। हिमाचल प्रदेश में मंडी लोकसभा सीट और तीन विधानसभा सीटों फतेहपुर, अर्की और जुब्बल-कोटखाई के लिए हाल में हुए उपचुनाव के लिए 25 मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतों की गिनती जारी है।

जुब्बल- कोटखाई विधानसभा सीट पर दूसरे दौर की मतगणना के बाद कांग्रेस के रोहित ठाकुर अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी चेतन सिंह ब्रागता से 248 मतों से आगे चल रहे हैं। भाजपा के बागी प्रत्याशी ब्रागता निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। फतेहपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस के भवानी सिंह पठानिया अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी भाजपा के बलदेव ठाकुर से 47 मतों से आगे हैं। वहीं अर्की सीट पर कांग्रेस के संजय अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी भाजपा के रत्तन सिंह पाल से 943 मतों से आगे हैं।

मध्य प्रदेश: BJP सभी सीटों पर आगे

मध्य प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा की सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार सभी सीटों पर आगे हैं। खंडवा लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए जारी मतगणना के रूझान में भाजपा उम्मीदवार ज्ञानेश्वर पाटील अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं कांग्रेस उम्मीदवार राजनारायण सिंह पुरणी से 10,066 मतों के अंतर से आगे हैं।

रैगांव विधानसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार प्रतिमा बागरी कांग्रेस की उम्मीदवार कल्पना वर्मा से 64 मतों से आगे हैं, पृथ्वीपुर से भाजपा के शिशुपाल यादव 430 मतों से तथा जोबट से भाजपा की सुलोचना रावत 1956 मतों से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं कांग्रेस उम्मीदवार से आगे हैं। जोबट में सुलोचना रावत कांग्रेस उम्मीदवार महेश पटेल के खिलाफ भाजपा की ओर से उम्मीदवार हैं। रैगांव सीट से भाजपा ने जुगल किशोर बागरी की बहू प्रतिमा बागरी को प्रत्याशी बनाया है। जुगल किशोर बागरी की मृत्यु के कारण उपचुनाव कराया गया था। उनका सामना कांग्रेस की कल्पना वर्मा से हो रहा है। वर्मा को 2018 में जुगल किशोर बागरी ने हराया था। पृथ्वीपुर में भाजपा ने कांग्रेस के नितेंद्र राठौर के खिलाफ समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता शिशुपाल सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। नितेंद्र राठौर के पिता पूर्व मंत्री बृजेंद्र सिंह राठौर के निधन के कारण उपचुनाव कराने की आवश्यकता पड़ी।

असमः सभी पांच सीटों पर राजग को बढ़त

असम में विधानसभा की पांच सीटों पर जारी मतगणना में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगी आगे चल रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी फणीधर तालुकदार, रूपज्योति कुर्मी और सुशांता बोरगोहेन क्रमश- भवानीपुर, मरियानी और थोवरा सीटों पर आगे चल रहे हैं।

भाजपा के ये तीनों प्रत्याशी विपक्षी पार्टियों के टिकट पर इस साल मार्च-अप्रैल में हुए चुनावों में विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए थे लेकिन अपनी- अपनी पार्टी से इस्तीफा देने के बाद वे भाजपा में शामिल हो गए थे। तालुकदार एआईयूडीएफ के उम्मीदवार के रूप में निर्वाचित हुए थे जबकि कुर्मी और बोरगोहेन कांग्रेस विधायक थे।

भाजपा की सहयोगी यूपीपीएल के प्रत्याशी जिरोन बासुमतारी और जोलेन दैमारी गोसाईगांव और तामुलपुर सीटों पर आगे चल रहे हैं। बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र (बीटीआर) में इन दो सीटों पर उपचुनाव मौजूदा विधायकों के निधन की वजह से कराए गए। विधानसभा की इन पांच सीटों के लिए 30 अक्टूबर को हुए उपचुनावों में करीब आठ लाख मतदाताओं में से अनुमानित 74.04 प्रतिशत ने मतदान किया था।

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
comments

.
.
.
.
.