Friday, Sep 29, 2023
-->
injured-teenager-did-not-get-treatment-in-mmg-hospital-lying-on-stretcher-for-6-hours

घायल किशोरी को एमएमजी अस्पताल में नहीं मिला उपचार, 6 घंटे स्ट्रेचर पर पड़ी रही 

  • Updated on 5/22/2023

नई दिल्ली/टीम डिजीटल। सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर मरीज के उपचार को लेकर गंभीर नहीं है। जहां छत से गिरी एक 15 वर्षीय किशोरी एमएमजी अस्पताल में 6 घंटे तक तेज धूप में स्ट्रेचर पर पड़ी रही। लेकिन उसे अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया। किशोरी को अस्पताल में भर्ती करवाने के लिए परिजन इमरजेंसी व स्वास्थ्य अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर काटते रहे। इसके बाद भी सुनवाई नहीं होने पर परिजन किशोरी को वापस घर ले गए।   

मुरादनगर निवासी सोफिया (15) घर की छत से गिर गई थी। पुलिस सोफिया को घायल हालत में रविवार रात संयुक्त अस्पताल लेकर आई थी। जहां उसे भर्ती कर लिया गया, लेकिन उपचार नहीं किया गया। सोमवार सुबह लगभग 10 बजे इमरजेंसी स्टाफ  ने सोफिया को एंबुलेंस से जिला एमएमजी अस्पताल भेज दिया गया। एंबुलेंस सोफिया को अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर छोडक़र चली गई। सोफिया शाम चार बजे तक इमरजेंसी के बाहर धूप में ही स्ट्रेचर पर ही पड़ी रही।

उसे न तो उपचार मिला और न ही भर्ती किया गया। सोफिया के पिता ताहिर ने बताया कि घर पर भाइयों के विवाद में सोफिया को धक्का लगा और वह छत से गिर गई। जिसकारण उसके कूल्हे में चोट आई है। वह ठीक से बैठ भी नहीं पा रही है और तेज दर्द हो रहा है। एमएमजी अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचने पर कहा कि संयुक्त अस्पताल से उसकी रेफर स्लिप नहीं बनाई गई है, जिसके कारण उसे भर्ती नहीं किया जा सकता।

ताहिर संयुक्त अस्पताल से रेफर स्लिप लेकर दोबारा अस्पताल पहुंचा, लेकिन किशोरी को फिर भी भर्ती नहीं किया गया। कहा कि जिन पुलिस वालों ने उसे संयुक्त अस्पताल में भर्ती करवाया था वही आकर उसे यहां भर्ती करवाएंगे। परिजन संबंधित थाने पहुंचे, लेकिन वहां भी पुलिसकर्मी मंगलवार को अस्पताल पहुंचने की बात कही गई। उपचार नहीं मिलने पर परिजन शाम करीब 4 बजे सोफिया को एमएमजी अस्पताल से वापस घर ले गए। 

मामले में की जाएगी जांच 
एमएमजी अस्पताल के सीएमएस डॉ. मनोज चतुर्वेदी का कहना है कि सोफिया को एक्स-रे के लिए एमएमजी भेजा गया था। सोफिया का एक्स-रे कर दिया गया था। एक्स-रे के बाद उसे वापस संयुक्त अस्पताल जाना था। यदि रेफर स्लिप जारी हुई थी, जब उसे भर्ती क्यों नहीं किया इसकी जांच की जाएगी। वहीं, संयुक्त अस्पताल के सीएमएस डॉ. विनोदचंद पांडे ने मामले की जानकारी नहीं होना बताया है। कहा कि स्टाफ से जानकारी ली जाएगी।
 

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
comments

.
.
.
.
.