Friday, Mar 31, 2023
-->
manpreet-badal-joins-bjp-congress-says-badal-left-the-party

मनप्रीत बादल भाजपा में शामिल, कांग्रेस ने कहा : पार्टी से 'बादल' छंट गए 

  • Updated on 1/18/2023

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। पंजाब के वरिष्ठ नेता तथा राज्य के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। अपनी नयी पारी शुरू करने से ठीक पहले उन्होंने कांग्रेस में गुटबाजी का आरोप लगाते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया। वहीं, कांग्रेस ने बुधवार को मनप्रीत सिंह बादल पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब कांग्रेस पर से ‘बादल' छंट गए हैं। मनप्रीत बादल पर कटाक्ष करते हुए कांग्रेस महासचिव एवं पार्टी के संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘एक आदमी जिन्होंने अपनी पार्टी बनाने के लिए अकाली दल को छोड़ दिया और फिर कांग्रेस में शामिल हो गए, उन्हें पांच साल के लिए वित्त मंत्री बनाया गया, फिर 60 हजार से अधिक के रिकॉर्ड अंतर से हार गए और उसके बाद सुषुप्तावस्था में चले गए और अब भाजपा में शामिल हो गए हैं। पंजाब कांग्रेस पर से बादल छंट गए हैं।'' केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, भाजपा महासचिव तरुण चुग और पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी की मौजूदगी में बादल ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना की।

दिल्ली विधानसभा में उपराज्यपाल सक्सेना पर जमकर बरसे सीएम केजरीवाल

  •  

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नौ सालों के कार्यकाल में भारत कूटनीतिक और आर्थिक मोर्चे पर एक मजबूत देश के रूप में उभरा है। पंजाब में कांग्रेस की स्थिति पर चिंता जताते हुए बादल ने कहा कि राज्य ‘‘पिछड़'' रहा है और भाजपा एकमात्र पार्टी है जो वहां की चुनौतियों का समाधान कर सकती है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गोयल ने बादल की सराहना करते हुए कहा कि वह विद्वान, सरल और अनुभवी हैं एवं ‘जीएसटी' परिषद की बैठक के दौरान पंजाब के वित्त मंत्री के रूप में वह व्यापक राष्ट्रीय हितों की बात करते थे। उन्होंने कहा कि यह एक स्वर्णिम दिन है और उनके भाजपा में शामिल होने से सिखों के साथ भाजपा का रिश्ता और मजबूत होगा। मनप्रीत बादल के भाजपा में शामिल होने को पंजाब में कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ पहले ही भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर चुके हैं। बादल से जब कांग्रेस छोड़ने की वजह पूछी गई तो उन्होंने कहा कि कैसे कोई उस पार्टी में काम कर सकता है जो ‘‘खुद से ही लड़ाई लड़'' रही है।

BSF के पूर्व महानिदेशक पंकज कुमार सिंह उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त 

उन्होंने कहा कि सिर्फ पंजाब ही नहीं, कई अन्य राज्यों में भी कांग्रेस में गुटबाजी चरम पर है। इससे पहले, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को भेजे अपने इस्तीफे में बादल ने कहा कि कांग्रेस से उनका ‘‘मोहभंग'' हो गया है। बादल ने अपना इस्तीफा ट्विटर पर भी पोस्ट किया। उन्होंने अपने इस्तीफे में कहा, ‘‘पार्टी और सरकार में मुझे जो भी जिम्मेदारी दी गई उसे निभाने में मैंने अपना सब कुछ झोंक दिया। मुझे यह मौका देने व सम्मान देने के लिए आपका शुक्रिया अदा करता हूं।'' उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर जारी मौजूदा संस्कृति और उपेक्षापूर्ण रवैये के कारण अब वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का हिस्सा नहीं रहना चाहते।

'AAP' की मान्यता रद्द करने की अर्जी : हाई कोर्ट ने केंद्र, दिल्ली सरकार को जवाब के लिए दी मोहलत

बादल ने कहा, ‘‘सात साल पहले, मैंने पीपुल्स पार्टी ऑफ पंजाब का आपकी पार्टी के साथ विलय किया था। मैंने बड़ी उम्मीदों व आकांक्षाओं के साथ यह कदम उठाया था कि इससे मुझे अपनी क्षमता के हिसाब से पंजाब के लोगों और उनके हितों की सेवा करने के पूर्ण अवसर मिलेंगे।'' उन्होंने कहा कि यह उत्साह धीरे-धीरे कम होता गया, जिससे निराशा बढ़ी और पार्टी से उनका मोहभंग हो गया। वहीं, कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने बुधवार को मनप्रीत सिंह बादल के पार्टी से इस्तीफा देने पर प्रतिक्रिया जताते हुए कहा कि ‘‘अच्छा हुआ, छुटकारा मिला।'' वडिंग ने बादल को ‘‘सत्ता का भूखा'' करार दिया। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के भतीजे मनप्रीत 2016 में कांग्रेस में शामिल हुए थे। 

रिजीजू ने कॉलेजियम प्रणाली पर CJI को पत्र लिख प्रक्रिया ज्ञापन में संशोधन का दिया सुझाव

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
comments

.
.
.
.
.