Friday, Sep 29, 2023
-->
pakistan: hindu girl shot for failing to abduct

पाकिस्तानः अपहरण में असफल होने पर हिंदू लड़की को गोली मारी

  • Updated on 3/22/2022

नई दिल्ली/ टीम डिजिटल। पाकिस्तान के दक्षिणी सिंध प्रांत में 18 वर्षीय एक हिंदू लड़की को अपहरण की कोशिश में नाकाम रहने पर गोली मार दी गयी। सोमवार को मीडिया में आई एक खबर में यह जानकारी दी गयी।

समाचारपत्र ‘द फ्राइडे टाइम्स’ ने अपनी खबर में बताया कि पूजा ओद ने सुक्कुर के रोही में अपहरण कर्ताओं का विरोध किया, जिसके बाद उसे बीच सड़क में गोली मार दी गयी।

खबर में कहा गया कि प्रत्येक वर्ष अल्पसंख्यक समुदायों से संबंधित महिलाओं का, विशेष रूप से सिंध में अपहरण किया जाता है और धार्मिक चरमपंथी उनका जबरन धर्म परिवर्तन कराते हैं। इसमें कहा गया कि पाकिस्तान के अल्पसंख्यक समुदाय लंबे समय से जबरन विवाह और धर्मांतरण का सामना कर रहे हैं।

पाकिस्तान में इस तरह की ये पहली घटना नहीं है। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने बताया कि हर साल सैकड़ों इसाई और हिंदू लड़कियों का इस्लाम में जबरन धर्मांतरण किया जाता है। उनका कहना है कि देश के अल्पसंख्यक समुदाय लंबे समय से जबरन विवाह और धर्मांतरण के मुद्दे का सामना कर रहे हैं।

कई अधिकार संगठनों ने इसके लिए पाकिस्तान सरकार की आलोचना की है। संगठनों ने कहा है कि पाकिस्तानी सरकार हिंदू और अन्य अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रहे अपराधों को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। इससे पहले, सिंध में प्रांतीय सरकार ने जबरन धर्मांतरण और विवाह को प्रतिबंधित करने का प्रयास किया था। हालांकि, धार्मिक प्रदर्शनकारियों ने यह कहते हुए बिल का विरोध किया कि लड़कियां मुस्लिम पुरुषों के प्यार में पड़ने के बाद ही धर्म परिवर्तन करती हैं।

 

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
comments

.
.
.
.
.