Wednesday, Mar 29, 2023
-->
preparation-for-auto-operation-in-night-shift

नाइट शिफ्ट में ऑटो संचालन की तैयारी, रात्रि 12 से प्रात: 7 बजे तक यात्रियों को मिल सकेगी सुविधा

  • Updated on 11/28/2022

नई दिल्ली/टीम डिजीटल। गाजियाबाद में निकट भविष्य में यात्रियों को रात्रि में ऑटो की सुविधा मिल सकेगी। रात्रि 12 से प्रात: 7 बजे तक विभिन्न रूट पर ऑटो में सफर करना मुमकिन हो जाएगा। यातायात विभाग द्वारा नाइट शिफ्ट में ऑटो संचालन के लिए मसौदा तैयार किया जा रहा है। इसके लिए जल्द रूट का निर्धारण कर दिया जाएगा। 

ऐसे में 2 लाभ हो जाएंगे। दिन में ट्रैफिक का दबाव कम होने के अलावा रात्रि में सवारी वाहनों की उपलब्धता में परेशानी नहीं आएगी। लोनी, ट्रांस हिंडन क्षेत्र, खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद शहर, मुरादनगर, मोदीनगर इत्यादि में ऑटो एवं ई-रिक्शा की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। 

अधिकांश ऑटो एवं ई-रिक्शा का संचालन आमतौर पर प्रतिदिन सुबह 7 से रात्रि 10 बजे तक होता है। रात्रि में गंतव्य तक पहुंचने के लिए यात्रियों को निजी वाहन अथवा कैब का सहारा लेना पड़ता है। ऑटो एवं ई-रिक्शा की भरमार की वजह से यातायात व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। 

प्रमुख तिराहे एवं चौराहों पर जाम का मुख्य कारण तिपहिया वाहन होते हैं। नागरिकों की जरूरत को देखकर इन पर प्रतिबंध लगाना भी संभव नहीं है। ऐसे में यातायात विभाग ने नए आईडिया पर काम शुरू किया है। इसके तहत जिलेभर में ऑटो सेवा को 2 शिफ्ट में संचालित करने पर विचार किया गया है। 

ऑटो सेवा की दूसरी शिफ्ट रात्रि 12 बजे से आरंभ होगी। यह प्रात: 7 बजे तक चलेगी। इसके लिए अलग से रूट का निर्धारण किया जाएगा। यातायात विभाग ने ऑटो चालक यूनियन के प्रतिनिधियों को इस बारे में अवगत करा दिया है। एसपी (ट्रैफिक) रामानंद कुशवाहा का कहना है कि नाइट शिफ्ट में ऑटो संचालन की कवायद चल रही है। 

रूट निर्धारित होने पर ऑटो चालकों को अवगत करा दिया जाएगा। इससे दिन के समय सड़कों पर ऑटो की भीड़ कम हो सकेगी, जिससे यातायात को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।  

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
comments

.
.
.
.
.