Monday, Oct 02, 2023
-->
rain with strong winds in delhi-ncr, people got relief from heat

दिल्ली- NCR में तेज हवाओं के साथ बारिश, लोगों को गर्मी से मिली राहत

  • Updated on 5/27/2023

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में शनिवार सुबह तेज हवाएं चलने के साथ बारिश हुई। दिल्ली के कई इलाकों में बारिश के कारण जलभराव देखा गया। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि बारिश और तेज हवाएं चलने के कारण जलभराव और पेड़ों के गिरने से वसंत विहार- दिल्ली हवाई अड्डा मार्ग, कांशीराम टक्कर मार्ग और महिपालपुर राजमार्ग अंडरपास सहित शहर के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित हुआ। आईएमडी ने दिन के समय आंधी चलने और तेज बारिश होने की संभावना व्यक्त की है तथा शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान लगाया है।

मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्र में सोमवार तक बारिश जारी रह सकती है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार तक गरज और चमक के साथ बारिश जारी रहेगी। वहीं, नोएडा- गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्र में भी अगले हफ्ते के गुरुवार तक बादल छाए रहने की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञान विभाग ने सुबह करीब साढ़े छह बजे बताया कि बादलों का एक समूह दिल्ली-एनसीआर के ऊपर से गुजर रहा है, जिसके कारण यहां और आसपास के क्षेत्रों में अगले दो घंटों में हल्की से मध्यम तीव्रता वाली बारिश होगी और 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

इस बीच राष्ट्रीय राजधानी में आज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गयी। मौसम में आए अचानक बदलाव से उत्तर भारत में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जतायी गयी है। आज सुबह खराब मौसम होने के बाद राजधानी दिल्ली में विमानों की उडान सेवा भी प्रभावित हुई है।

नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने एक परिपत्र भी जारी किया है जिसमें सभी यात्रियों को अद्यतन उड़ान जानकारी के लिए अपनी संबंधित एयरलाइनों से संपर्क करने की सूचना दी गई है। दिल्ली हवाई अड्डे के सूत्रों के अनुसार दिल्ली में मौसम खराब होने के कारण राष्ट्रीय राजधानी जाने वाली चार उड़ानों को जयपुर डायवर्ट किया गया है।

 

comments

.
.
.
.
.