Friday, Sep 22, 2023
-->
ravana-dahan-and-durga-immersion-were-celebrated-despite-the-ban-enthusiasm-was-shown

रावण दहन व दुर्गा विसर्जन की रही धूम, पाबंदी के बावजूद दिखा उत्साह

  • Updated on 10/15/2021

नई दिल्ली/टीम डिजीटल। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक माने जाने वाले दशहरा और मां दुर्गा के विसर्जन की धूम शुक्रवार को शहर में देखने को मिली। कोविड गाइड लाइंस के चलते इस बार रौनक बेशक ना हो। लेकिन श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ दोनों ही आयोजन को हर्षोंल्लास से मनाया। शहर में कविनगर व रामलीला मैदान में रावण दहन का आयोजन हुआ। हालांकि संजय नगर, घंटाघर रामलीला मैदान व प्रताप विहार जैसे इक्का-दुक्का जगहों पर ही रामलीला का मंचन हुआ। इसके साथ ही लोगों ने दुर्गा पूजा के बाद विसर्जन में बढ-चढकर हिस्सा लिया। 

रावण दहन के साथ मना दशहरा 
घंटाघर व कविनगर रामलीला मैदान के अलावा अन्य जगहों पर रावण, मेघनाथ व कुंभकर्ण का पुतला दहन कर विजया दशमी पर्व मनाया गया। जहां एक ओर घंटाघर रामलीला मैदान में 2 दिवसीय मंचन के बाद रावण दहन हुआ, वहीं कविनगर में इस बार मंचन नहीं हुआ। प्रताप विहार में गढवाली समाज के लोगों ने रामलीला का आयोजन किया। जिसमें बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। घंटाघर रामलीला मैदान में राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने रावण दहन किया। 

विसर्जन में दिखा उत्साह
दशहरा के अलावा शुक्रवार को मां दुर्गा की प्रतिमा को विसर्जित करने के लिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में घरों से निकले। इस दौरान हिंडन व मुरादनगर स्थित छोटा हरिद्वार में लोग मूर्ति विसर्जन के लिए पहुंचे। भक्तों ने एक दूसरे को खुशियां मनाईं। लोग अपनी कार, ऑटो व टैंपों के जरिए विसर्जन स्थलों पर पहुंचे।  

अन्य तरीकों से भी मनाया गया विजय दशमी
रावण दहन व मूर्ति विसर्जन के अलावा विजय दशमी के मौके पर शुक्रवार को कई अन्य आयोजन हुए। गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों ने शांति पूर्ण तरीके से दशहरा मनाया। हालांकि शुक्रवार को होने वाले पुतला दहन को संयुक्त किसान मोर्चे के निर्देश के बाद शनिवार के लिए टाल दिया गया। वहीं अखिल भारतीय ध्यान योग संस्थान ने राज नगर सेक्टर-4 स्थित मानव ओषधि पार्क में इस मौके ध्यान योग शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें योग शिक्षक राजेश शर्मा ने साधकों को सूक्ष्म व्यायाम का अभ्यास कराया और उसके लाभों की चर्चा की। संरक्षक डा आर के पोद्दार ने सभी साधकों का विजय दशमी की शुभकामानाएं दीं। इस अवसर पर रतन लाल गुप्ता, केके कोहली, राजेश शर्मा, हरिओम, सीमा गोयल, वीना वोहरा, प्रवीण आर्य आदि उपस्थित रहे।
 

comments

.
.
.
.
.