नई दिल्ली/टीम डिजिटल। सनातन संस्कृति और इंडिया अथवा भारत नाम को लेकर चल रहे विवाद के बीच संघ ने स्पष्ट कहा है कि सनातन धर्म का अर्थ केवल धर्म नहीं है, बल्कि सनातन असलियत में एक आध्यात्मिक लोकतंत्र है और यह हमारी संस्कृति के मूल में है। इसके साथ ही यह भी अवश्य समझ लेना चाहिए कि भारत नाम प्राचीन काल से ही प्रचलित है और भारत नाम सभ्यता का मूल है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डा.मनमोहन वैद्य ने संघ की तीन दिवसीय अखिल भारतीय समन्वय बैठक के समापन पर यह विचार रखे। उनके साथ अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर भी रहे। उन्होंने बताया कि बैठक में भी इन मुद्दों पर चर्चा हुई।
इसके अलावा चर्चा के केंद्र में महिलाओं की भागेदारी हरेक क्षेत्र में बढ़े, इस पर खासतौर पर मंथन किया गया। समन्वय बैठक का समापन शनिवार को पुणे में हुआ। पत्रकार वार्ता में सह सरकार्यवाह ने बताया कि सरसंघचालक मोहन भागवत के भाषण के साथ इस बैठक का समापन हुआ।
मनमोहन वैद्य ने बताया कि परिवार में महिलाओं की भूमिका सबसे प्रमुख होती है। इसलिए समाज के हर क्षेत्र में महिलाओं को अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। संघ की बैठक में भी यह तय हुआ कि महिलाओं की समाज में बढ़ रही सक्रियता को देखते हुए संघ की शताब्दी योजना के अंतर्गत महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने पर चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। इसलिए सभी क्षेत्रों में महिलाओं का सहभाग बढ़े, इसके लिए संघ प्रेरित संगठन प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बैठक में इस विषय पर चर्चा की गई है। आने वाले दिनों में संघ विशेषतौर पर महिलाओं में आपसी संपर्क बढ़ाने के लिए देशभर में 411 सम्मेलन करेगा। अब तक 12 प्रांतों में इस तरह के 73 सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं। जिसकी सकारात्मक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। इसमें करीब 1 लाख 23 हजार से अधिक महिलाओं की भागेदारी रही।
मनमोहन वैद्य ने मौजूदा समय में सनातन पर विभिन्न दलों की टिप्पणी पर कहा कि सनातन धर्म का अर्थ रिलिजन नहीं है। सनातन सभ्यता एक आध्यात्मिक लोकतंत्र (स्पिरिचुअल डेमोक्रेसी) है। उन्होंने कहा कि जो लोग सनातन को लेकर बयान देते हैं, उन्हें पहले इस शब्द का अर्थ समझ लेना चाहिए।
संघ नेता ने कहा कि सनातन का मतलब शाश्वत है और यह भारत के अध्यात्मिक जीवनचर्या का आधार है। इसी के चलते भारत ने आकार लिया। मनमोहन वैद्य ने डीएमके नेताओं को राजनीतिक कहकर खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि इतिहास में कई लोगों ने सनातन धर्म को खत्म करने की कोशिश की लेकिन असफल रहे।
उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण ने कहा था कि जब भी धर्म पर संकट आएगा तो वह अवतार लेंगे। आरएसएस भी उसी राह पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सनातन धर्म को खत्म करने की बात कर रहे हैं लेकिन क्या ये लोग इसका सही मतलब भी जानते हैं। उन्हें ऐसे शब्द बोलने से पहले सनातन धर्म की परिभाषा को भी समझना चाहिए।
दरअसल हाल ही में तमिलनाडु के सीएम के बेटे स्टालिन ने सनातन पर नकारात्मक टिप्पणी की थी। इसके अलावा वैद्य ने इंडिया और भारत नाम पर हो रही बयानबाजी से जुड़े प्रश्न पर कहा कि देश का नाम भारत है, वह भारत ही रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि बल्कि प्राचीन काल से यही प्रचलित नाम है। भारत नाम सभ्यता का मूल है।
मनमोहन वैद्य ने कहा कि समाज में कुछ तबकों से भेदभाव किया गया, इसलिए आरक्षण के जरिए उन तबकों को लाभ दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से देश अपनी सांस्कृतिक पहचान पर धीरे-धीरे खड़ा हो रहा है। देश की विदेश, रक्षा और शिक्षा नीतियों में भी बड़े बदलाव हुए हैं। दुनिया भी मानती है कि भारत देश सही दिशा में आगे बढ़ रहा है।
संघ का विस्तार
डॉ. मनमोहन ने बताया कि कोरोना से पहले संघ की शाखाओं की जो संख्या थी, मौजूदा समय में उससे अधिक संख्या हो चुकी है। उन्होंने बताया कि 2020 में देश में 38 हजार 913 स्थानों पर शाखाएं थीं, 2023 में यह संख्या करीब 9.5 फीसदी बढ़कर 42 हजार 613 हो गई है। दैनिक शाखाओं की संख्या 62 हजार 491 से बढ़कर 68 हजार 651 हुई है। कुल 68 हजार 651 दैनिक शाखाओं में से 60 प्रतिशत विद्यार्थी शाखाएं हैं।
चालीस वर्ष की आयु तक के स्वयंसेवकों की शाखाएं 30 प्रतिशत हैं, जबकि चालीस वर्ष से ऊपर के आयु के स्वयंसेवकों की शाखाएं 10 प्रतिशत हैं। ऑनलाइन माध्यम से भी करीब एक से सवा लाख लोग जुडऩे की इच्छा जता रहे हैं। इसमें 20 से 35 वर्ष तक के आयु वर्ग के लोग शामिल हैं।
बिधूड़ी की टिप्पणी : दानिश अली की चेतावनी के बीच विपक्षी दलों ने बनाई...
ED की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली सुपरटेक प्रमुख अरोड़ा की याचिका...
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए AAP ने कमर कसी, अनुराग ढांडा ने किया...
शाह और नड्डा से मिले कुमारस्वामी, NDA में शामिल हुई जद (एस)
भाजपा नेता बिधूड़ी बयान प्रकरण पर मायावती से ज्यादा अकाश आनंद ने...
बिधूड़ी टिप्पणी के बीच BJP नेता हर्षवर्धन की हंसी का वीडियो वायरल, दी...
Asian Games: भारतीय खिलाड़ियों से चीन का भेदभाव, भारत का मुंहतोड़ जवाब
बिधूड़ी प्रकरण को लेकर लालू यादव का PM मोदी पर कटाक्ष- यह ‘अमृतकाल'...
दानिश अली ने भाजपा सांसद बिधूड़ी के बयान को लेकर PM मोदी और RSS पर...
डूसू चुनाव: मतदान जारी, वोट डालने के लिए मतदान केंद्र पहुंचे छात्र