Saturday, Sep 30, 2023
-->
voting-will-be-held-in-ghaziabad-on-february-10-know-the-program-from-nomination-to-counting

10 फरवरी को गाजियाबाद में होगी वोटिंग, जानिए नामांकन से लेकर मतगणना तक का कार्यक्रम

  • Updated on 1/8/2022

नई दिल्ली/टीम डिजीटल। निर्वाचन आयोग ने शनिवार शाम को प्रदेश में विधानसभा चुनावों की तारीखें घोषित कर दीं। पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को होगा। जिसमें गाजियाबाद की 5 विधानसभाओं के लिए वोट डाले जाएंगे। चुनावों की घोषणा होते ही जिला प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। शाम को जिला सभागार में प्रेसवार्ता आयोजित कर जिलाधिकारी राकेश सिंह ने निर्वाचन की अधिसूचना जारी कर दी। जिसमें नामांकन से लेकर मतगणना तक की तमाम जरूरी तारीख व अन्य विषयों के बारे में विस्तार से बताया।  

14 जनवरी से होगा नामांकन शुरू
प्रेसवार्ता के दौरान जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि 14 जनवरी से चुनावों के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। 21 जनवरी तक नामांकन किया जा सकेगा। इसके बाद 24 जनवरी तक नामंाकनों की जांच होगी। 27 जनवरी तक नाम वापिस लिए जा सकेंगे। 10 फरवरी को मतदान और 10 मार्च को मतगणना होगी। 

30 हजार से ज्यादा युवा करेंगे पहली बार मत का प्रयोग 
जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में 18 से 19 आयु वर्ग के 30 हजार 278 मतदाता पहली बार अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे। इसके अलावा 10 हजार 586 दिव्यांग मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। 80 वर्ष से ज्यादा आयु वाले 32 हजार 344 मतदाता हैं।

पिंक बूथ से लेकर दिव्यांग सहायक बूथ होंगे नए प्रयोग 
इन चुनावों में पिंक बूथ व दिव्यांग सहायक बूथ के जरिए नया प्रयोग भी किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि हर विधानसभा में 2 सखी बूथ यानि पिंक बूथ होंगे। जिस पर केवल महिला कर्मी ही तैनात रहेंगी। इसके अलावा हर विधानसभा में एक दिव्यांग सहायक बूथ भी बनाया जाएगा। जहां सभी दिव्यांग मतदान कर्मी तैनात होंगे। जनपद में 3353 में से 1750 पोलिंग स्टेशनों पर वेब कास्टिंग की जाएगी। इसके अलावा दिव्यांग, 80 वर्ष से अधिक व कोविड संक्रमित मतदाताओं के लिए पोस्टल बैलट की सुविधा भी मिलेगी। 

आचार संहिता के पालन के लिए बनाई गई 30 टीमें 
जनपद में आचार संहिता के पालन के लिए 30 टीमों का गठन किया गया है। अपर जिलाधिकारी नगर विपिन कुमार सिंह को आचार संहिता का नोडल अधिकारी नियुक्ति किया गया है। निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया के दौरान कोविड प्रोटोकॉल के पालन के लिए अपर जिलाधिकारी प्रशासन ऋतु सुहास को नोडल अधिकारी बनाया गया है। 

चुनाव के दौरान कोविड के लिए रहेंगे यह इंतजाम 
कोविड को देखते हुए चुनावों के लिए भी इंतजाम का दावा प्रशासन ने किया है। जिलाधिकारी ने बताया कि भारतीय निर्वाचन आयोग ने 15 जनवरी तक रैली, नुक्कड नाटक, वाहन जुलूस आदि पर रोक लगा दी है। इसके अलावा मतदान कर्मियों को कोरोना की डबल वैक्सीन के अलावा बूस्टर डोज लगवाई जाएगी। सभी मतदेय स्थलों को सैनिटाइज कराने के अलावा कोविड हेल्प डेस्क बनाया जाएगा। जहां थर्मल स्कैनर, मास्क, सैनिटाइजर व हैंड ग्लव्स मौजूद रहेंगे। इसके अलावा मतदाताओं के लिए एकल प्रयोग के हैण्ड ग्लव्स का इस्तेमाल किया जाएगा। 

28 लाख मतदाता तय करेंगे 5 सीटों का भविष्य 
जनपद में इस वक्त मतदाताओं की कुल संख्या 28,99,484 हो गई है। जो कि बीते वर्ष के मुकाबले 89 हजार 828 ज्यादा है। मतदाताओं की संख्या के लिहाज से साहिबाबाद जनपद सबसे बड़ा विधानसभा क्षेत्र साहिबाबाद है, वहीं मोदीनगर सबसे छोटी विधानसभा है। साहिबाबाद में 10 लाख से अधिक मतदाता हैं। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 5.71 लाख और महिला मतदाताओं की संख्या 4.40 लाख है। जबकि जिले में 189 वोट ट्रांसजेंडर के हैं। इसके अलावा लोनी में मतदाताओं की संख्या 5 लाख10 हजार 666 है। जिसमें पुरूषों की संख्या 2 लाख 89 हजार 804, महिलाओं की संख्या 2 लाख 26 हजार 732 व ट्रांस जेंडरों की संख्या 30 है। मुरादनगर में कुल मतदाता 4 लाख 53 हजार 977 हैं। जिसमें 2 लाख 45 हजार 261 पुरूष, 2 लाख 8 हजार 684 महिलाएं व 32 ट्रांसजेंडर हैं। गाजियाबाद विधानसभा में मतदाता की संख्या 4 लाख 69 हजार 505 है। जिसमें पुरूष मतदाता 2 लाख 58 हजार 547, महिला मतदाता 2 लाख10 हजार 934 व ट्रांसजेंडर मतदाता 24 हैं। सबसे छोटी मोदीनगर विधानसभा में 3 हजार 30 हजार 894 मतदाता हैं। जिसमें पुरूष मतदाता 1 लाख 78 हजार 327, महिला मतदाता 1 लाख 52 हजार 531 व 36 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। इसके अलावा धौलाना आंशिक में 1 लाख 22 हजार 988 मतदाता हैं। जिसमें 67 हजार 639 पुरूष,  54 हजार 739 महिलाएं व 10 ट्रांस जेंडर हैं। 
 

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
comments

.
.
.
.
.