Friday, Sep 22, 2023
-->
woman-deliver-baby-on-road-in-uttarakhand

भिलंगना के पदोखा में सड़क पर महिला ने जन्मा बच्चा, 108 सेवा ने बहाना बनाकर किया इंकार

  • Updated on 9/17/2018

नई टिहरी/मुकेश रतूड़ी। टिहरी में 108 सेवा की एक बार फिर से पोल खुल गई है। 108 सेवा समय पर न मिलने के कारण प्रसूता को सड़क पर ही बच्चा जनना पड़ा। हालांकि जच्चा-बच्चा स्वस्थ हैं। मामले में 108 सेवा संचालक गाड़ी के टायर खराब होने का बहाना बना रहे हैं।
 
रविवार रात्रि को भिलंगना ब्लॉक के ग्राम डामकोट की अनीता देवी (24) पत्नी राजेंद्र सिंह को प्रसव पीड़ा हुई। वह प्रसव के लिए अपने मायके पदोखा गांव आई हुई थी। प्रसव पीड़ा होने पर अनीता के पिता मंगल सिंह ने करीब साढ़े आठ बजे रात्रि को 108 नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस की मांग की। लेकिन 108 सेवा ने स्थानीय एंबुलेंस खराब होने का बहाना बनाकर सेवा उपलब्ध कराने से इंकार कर दिया।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य दिनेश लाल ने बालगंगा के तहसीलदार मोहन लाल आर्य को 108 सेवा उपलब्ध न होने की शिकायत की। यही नहीं उन्होंने 108 और तहसीलदार के बीच कांफ्रेंस कॉल भी करवाई। बावजूद 108 से खराब होने के चलते कोई मदद नहीं मिल पाई। तहसीलदार ने स्वयं के स्तर से वाहन की व्यवस्था करवाने का आश्वासन दिया। 

प्लास्टिक बैग में चीनी का कारोबार बंद, विभागीय मंत्री ने दिये स्टोरेज और बिक्री पर रोक के निर्देश

इस बीच करीब रात्रि 11 बजे प्रसव वेदना से करहा रही प्रसूता ने सड़क पर ही बच्चे को जन्म दे दिया। मायके वाले अनीता और उसके बच्चे को घर ले गए। अभी दोनों स्वस्थ हैं। लेकिन 108 सेवा की मनमानी ने एक बार फिर से उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खोलकर रख दी है। 

इनका क्या है कहना
घनसाली में तैनात 108 सेवा के टायर खराब होने के कारण पदोखा गांव की प्रसूता को एंबुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं कराई जा सकी। गाड़ी में स्टेपनी भी नहीं थी। सरकार ने पुराना भुगतान भी नहीं किया है जिस कारण निकटवर्ती क्षेत्रों से भी सेवा नहीं मंगाई जा सकी।
ललित मोहन जोशी, प्रभारी 108 टिहरी गढ़वाल

Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।हर पल अपडेट रहने के लिए NT APP डाउनलोड करें। ANDROID लिंक और iOS लिंक।
comments

.
.
.
.
.